लापता छात्र का शव रेलवे ट्रैक पर मिला, हत्या की आशंका
Kanpur News - लापता छात्र का शव रेलवे ट्रैक पर मिला, हत्या की आशंका लापता छात्र का शव रेलवे ट्रैक पर मिला, हत्या की आशंका

कानपुर। चकेरी में बुधवार से लापता इंटर के छात्र का शव गुरुवार को चंदारी रेलवे स्टेशन के पास ट्रैक पर मिला। छात्र की तलाश में जीआरपी पहुंचे परिजनों ने मोबाइल पर फोटो देखकर उसकी पहचान की। परिजनों ने छात्र की हत्या की आशंका जताई है। हालांकि यह भी कहा, उनकी किसी से कोई रंजिश नहीं है। कोयलानगर, स्वर्ण जयंती विहार निवासी प्राइवेट कर्मी राकेश शर्मा का 19 वर्षीय इकलौता बेटा शुभम मां कामाख्या कामद गिरि इंटर कालेज से 12वीं का छात्र था। परिवार में पत्नी किरन, दो बेटियां शिखा और अवंतिका हैं। चाचा शैलेश ने बताया कि शुभम पढ़ाई के साथ ही कलक्टरगंज स्थित एक नमकीन की दुकान में काम करता था।
बुधवार को वह काम पर गया था। शाम आठ बजे दुकान बंद करके निकला लेकिन देर रात तक घर नहीं पहुंचा। परिजन उसे फोन करते रहे लेकिन उसका फोन भी नहीं उठा। रात 12 बजे के बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। स्वजन ने उसके दोस्तों और रिश्तेदारों के यहां पता करने के साथ ही गुरुवार को दिनभर खोजबीन करते रहे लेकिन पता नहीं चला। देर शाम उसकी तलाश करते हुए सेंट्रल स्टेशन पर जीआरपी पहुंचे, जहां उन्हें एक युवक के चंदारी स्टेशन के पास ट्रेन से कटने की सूचना मिली। मोबाइल पर फोटो देखकर उसकी पहचान की। परिजनों ने शुभम की हत्या किए जाने की आशंका जताई। इकलौते बेटे की मौत से परिवार बदहवास हो गया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हादसे में आई चोटों के चलते ज्यादा खून बहने से मौत की पुष्टि हुई है। चकेरी थाना प्रभारी ने बताया कि अभी तक कोई तहरीर नहीं मिली है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


