
दो दिन से लापता होमगार्ड का रजबहे में मिला शव
Kanpur News - कानपुर देहात में दो दिन से लापता होमगार्ड मयंक पाल का शव रविवार को रजबहे में मिला। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। मयंक की शादी 4 फरवरी को होनी थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच कर रही है।
कानपुर देहात। दो दिन से लापता होमगार्ड का शव रविवार को अकबरपुर के रजबहे में पड़ा मिला। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने छानबीन के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बरौर थाना क्षेत्र के अरहरियामऊ गांव का रहने वाला 22 वर्षीय मयंक पाल भोगनीपुर कोतवाली में होमगार्ड था। गत 2 जनवरी को वह रूरा थाना क्षेत्र के करिगांव में रहने वाली अपनी बुआ मीना पाल पत्नी राम प्रकाश के पुत्र अजय पाल की जन्मदिन पार्टी में शामिल होने के लिए सहजादपुर के पास स्थित एक होटल में आया था। इसके बाद से वह लापता चल रहा था।
तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चलने पर अकबरपुर कोतवाली में शनिवार को परिजनों ने गुमशुदगी दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी। रविवार सुबह उसका शव जगजीवनपुर बंबे में पड़ा मिला। लोगों की सूचना पर पहुंची अकबरपुर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर छानबीन शुरू की। शव मिलने की जानकारी पर होमगार्ड की तलाश कर रहे उसके परिजन मौके पर पहुंचे। वहां मयंक का शव देखते ही कोहराम मच गया। परिजनों ने उसकी हत्या की आशंका जताई। अकबरपुर कोतवाल हरमीत सिंह ने बताया कि घटना की छानबीन की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई होगी। फरवरी में होनी थी शादी होमगार्ड का शव देख उसकी मां कांती देवी उर्फ रानी बदहवास हो गईं। वहीं भाई सोनू, भाभी सोनाली और बहनों साक्षी, दीप शिखा का रो-रोकर बुरा हाल है। रोते हुए उसके भाई ने बताया कि मयंक की शादी पनकी कानपुर मे तय हो गई थी। 4 फरवरी को बारात जानी थी। उसकी शादी की तैयारी हो रही थी, लेकिन दुश्मनों ने उसकी जान ले ली।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




