इतना चौड़ा फुटपाथ बनाओगे तो रोड कितनी रहेगी
Kanpur News - कानपुर में महापौर प्रमिला पांडेय ने सीएम ग्रिड रोड के चौड़े फुटपाथ पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि इतनी चौड़ाई से सड़क संकीर्ण हो जाएगी, जिससे जाम की समस्या बढ़ेगी। महापौर ने नगर निगम की टीम को मौके पर बुलाकर फुटपाथ की नापजोख करवाई और पूछा कि फुटपाथ पर कब्जे से बचने के लिए क्या योजना है।

कानपुर, मुख्य संवाददाता। प्रभारी मंत्री योगेंद्र उपाध्याय की मंगलवार की बैठक में सीएम ग्रिड रोड के अत्यधिक चौड़े फुटपाथ पर सवाल उठे तो बुधवार की सुबह महापौर प्रमिला पांडेय खुद इसे देखने निकलीं। सिविल लाइंस में ग्रीन पार्क चौराहे से हडर्ड चौराहे के बीच बन रही सीएम ग्रिड रोड को देखकर चौंक गईं। पदम टावर के सामने से केस्को के बीच साढ़े आठ मीटर तक चौड़ा फुटपाथ मिला तो पूछ लिया-‘इतना चौड़ा फुटपाथ बनाओगे तो रोड कितनी रह जाएगी, वाहनों को कैसे निकालोगे’। नगर निगम के अभियंत्रण विभाग की टीम को महापौर ने मौके पर बुलाया और अपने सामने फुटपाथ की नापजोख कराई।
उन्होंने कहा-इस रोड पर स्कूल भी हैं। अगर एक साथ दो स्कूलों की बसें निकल जाएं तो यहां जाम लग जाएगा। यहां तो सड़क पतली और फुटपाथ उससे ज्यादा चौड़ा बना दिया गया। ऐसी सीएम ग्रिड रोड बनाने से क्या फायदा, जब लोगों को जाम से जूझना पड़े। आधे से ज्यादा फुटपाथ पर तो लोगों के कब्जे हैं। अभी से यह स्थिति है तो आगे क्या होगा? महापौर ने पूछा कि फुटपाथ पर कब्जे न हों इसके लिए क्या योजना बनाई है। उन्होंने नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय से मौके से मोबाइल पर बात की और सीएम ग्रिड की कार्ययोजना सौंपने को कहा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


