
महाठग के कचौड़ी काउंटर की जगह एसआईटी को मिली 20 करोड़ों की संपत्तियां
Kanpur News - कानपुर में ब्लू चिप कंपनी में निवेश के नाम पर 700 से अधिक लोगों से 1500 करोड़ की ठगी करने वाले महाठग रवींद्र नाथ सोनी की संपत्तियों का खुलासा हुआ है। दुबई में तीन खातों से 5 करोड़ रुपये और कई करोड़ों की संपत्तियां बरामद की गई हैं। एसआईटी उसकी पत्नी और बेटी से भी पूछताछ कर रही है।
कानपुर, प्रमुख संवाददाता। ब्लू चिप कंपनी में निवेश के नाम पर 700 से अधिक लोगों से करीब 1500 करोड़ की ठगी करने वाले महाठग की दुबई, दिल्ली और गुड़गांव में 18 करोड़ रुपये कीमत की संपत्तियां पुलिस को मिली हैं। दुबई के तीन खातों में एसआईटी को लाखों दिरहम करीब पांच करोड़ भारतीय रुपये से अधिक की धनराशि मिली है। 20 से 22 करोड़ के गोल्ड का भी पता चला है। उधर, एसआईटी ठग को लेकर देहरादून स्थित उसके किराये के फ्लैट पर पहुंची जहां उसकी पत्नी और बेटी मिलीं। एसआईटी ने उसके घर की तलाशी ली और सामान की जांच पड़ताल की।

उसका लैपटॉप खुलवाया जा रहा है। मेल भी चेक की जा रही है। पुलिस को और भी बहुत कुछ मिलने की संभावना है। एसआईटी ने दिल्ली के मालवीय नगर निवासी महाठग रवींद्र नाथ सोनी को पुलिस कस्टडी रिमांड पर लिया था। पूछताछ में उसने बताया था कि अब उसके पास कुछ नहीं है। कंपनी के साझीदारों ने उसे धोखा दिया और रुपये निकाल लिए। अब वह देहरादून में किराये के फ्लैट में रहता है। परिवार का गुजारा करने के लिए वह कचौड़ी का कारंटर लगाता है। उसका आमना सामना पीड़ितों से भी कराया गया था। गुरुवार की शाम एसआईटी जब उसके फ्लैट पर पहुंची और जांच पड़ताल की तो कचौड़ी काउंटर नहीं मिला। हां, एसआईटी की दूसरी टीम को उसकी करोड़ों की संपत्तियाें का पता चला है। एसआईटी को यूएई के ई-मार्ग जबील में 3.2 मिलिनय दिरहम कीमत का एक फ्लैट मिला है। इसकी भारतीय कीमत 7.83 करोड़ रुपये के आसपास है। दिल्ली के करोल बाग में डेढ़ करोड़ रुपये कीमत की दो दुकानें, चांदनी चौक में 70 लाख कीमत की एक दुकान, नोएडा के साइबर थम सेक्टर 118 में एक करोड़ कीमत का एक फ्लैट, गड़गांव में एसबीएम प्रोजेक्ट में तीन करोड़ का एक फ्लैट, गुड़गांव में तीन करोड़ कीमत का थ्री बीएचके फ्लैट, गुड़गांव में एम3एम प्रोजेक्ट में फ्लैट के लिए डेवलपर को एक करोड़ रुपये दिया। 1.75 करोड़ का एक अपार्टमेंट का पता चला। इसके साथ ही दुबई के तीन खाते भी एसआईटी की जानकारी में आए हैं। दुबई की एक बैंक में 1,18,243 दिरहम (करीब 2.89 करोड़ भारतीय रुपये), दूसरे बैंक में 7.50 लाख दिरहम (करीब 1.83 करोड़ भारतीय रुपये) और स्क्वार्ड यार्ड कंपनी में 70 हजार दिरहम (करीब 17 लाख भारतीय रुपये) एसआईटी की जानकारी में आए हैं। सूत्रों के मुताबिक कुछ के दस्तावेज भी एसआईटी को मिल चुके हैं जबकि कई के वैध दस्तावेज दुबई की बैंकों से मांगे जा रहे हैं। सूरज जुमानी और गुरनीत कौर के फोटो आए सामने सूत्रों के मुताबिक रवींद्र नाथ सोनी के खाते का संचालन करने वाली गुरनीत कौर और उसके कई साझीदारों के फोटो सामने आए हैं। बताया जा रहा है कि गुरनीत मॉडल भी है। सूरज का सोने के बिस्किट के साथ फोटो पुलिस को मिला है। वहीं रवींद्र का एक अन्य साथी का फोटो डॉलर के साथ पुलिस को मिला है। एसआईटी इन सभी को नोटिस भेजने की तैयारी कर रही है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


