1.26 लाख टू जी प्रीपेड स्मार्ट मीटर भी 4जी पोस्टपेड में बदलेंगे

Newswrap हिन्दुस्तान, कानपुर
share

Kanpur News - कानपुर में केस्को ने एक लाख 43 हजार प्रीपेड स्मार्ट मीटरों को फोर जी पोस्टपेड मीटरों में बदलने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पहले से लगे 17 हजार मीटर बदल दिए गए हैं, जबकि 1,26,000 मीटर अभी बदलने बाकी हैं। उपभोक्ताओं को प्रीपेड मोड का विकल्प भी उपलब्ध रहेगा।

1.26 लाख टू जी प्रीपेड स्मार्ट मीटर भी 4जी पोस्टपेड में बदलेंगे

कानपुर, प्रमुख संवाददाता। शहर में लगे टू जी नेटवर्क वाले प्रीपेड स्मार्ट मीटरों को भी फोर जी नेटवर्क स्मार्ट पोस्टपेड मीटरों में बदला जाएगा। इसके लिए केस्को ने कवायद शुरू कर दी है। शहर में मौजूदा समय में एक लाख 43 हजार ईईएसएल प्रीपेड स्मार्ट मीटर लगे हैं। इन्हें शहर में लगवाने की प्रक्रिया 2018 में शुरू हुई थी। केस्को ने 17 हजार मीटरों को बदल भी दिया है और एक लाख 26 हजार स्मार्ट मीटरों को बदला जाना बाकी है। अभी यह प्रीपेड से पोस्टपेड स्मार्ट मीटरों में बदले जाएंगे। लेकिन, उपभोक्ता चाहें तो इन्हें प्रीपेड भी करा सकेंगे क्योंकि अधिकतर लोग लंबे समय से प्रीपेड बिजली का इस्तेमाल करते हुए इसके आदी हो गए हैं और उन्हें प्रीपेड मोड पसंद आ रहा है।

नेटवर्क समस्या पर प्रबंधन ने लिया था फैसला

जब फोर जी नेटवर्क वाले स्मार्ट मीटर शहर में लगाए जा रहे थे तो टू जी नेटवर्क वाले इन प्रीपेड स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं की नेटवर्क न मिलने की पुरानी समस्या पर विचार हुआ था। क्योंकि इन प्रीपेड मीटरों में लगे सिम कार्ड वोडाफोन कंपनी के टू जी नेटवर्क वाले हैं और इन्हें ऐसे डिजाइन किया गया है कि इन सिम को फोर जी सिम में बदला नहीं जा सकता है। इससे समस्या यह है कि घनी आबादी, बेसमेंट में लगे स्मार्ट मीटरों का डाटा नेटवर्क न मिलने पर केस्को के सर्वर पर नहीं जाता है। इससे अक्सर बैलेंस निगेटिव होने पर भी बिजली नहीं कटती है और रीचार्ज कराने के बाद भी घंटों आती नहीं है।

Voice of UP

पोस्टपेड हो गए 1,61,260 फोरजी प्रीपेड स्मार्ट मीटर

यूपीपीसीएल के निर्देशों के बाद केस्को ने शहर में लगे फोर जी नेटवर्क वाले 1,61,260 स्मार्ट मीटरों को प्रीपेड से पोस्टपेड कर दिया है। शहर में कुल 1,62,377 स्मार्ट मीटर लगे हैं। तकनीकी कारणों से 1117 स्मार्ट मीटरों को अभी प्रीपेड नहीं किया जा सका है। इसके लिए केस्को की टीम इन मीटरों को पोस्टपेड करने के लिए मौके पर जाकर इन्हें पोस्टपेड करेगी। बाकी सभी मीटरों को ऑनलाइन ही पोस्टपेडकर दिया गया है। अब इनके बिजली के बिल 10 जून को मोबाइल पर एसएमएस में आएंगे और 22 दिनों तक बिजली बिल का भुगतान न करने पर बिजली कटेगी।

अब पोस्टपेड मीटर से मिलेगा नया बिजली कनेक्शन

केस्को का नया बिजली कनेक्शन अब पोस्टपेड फोर जी नेटवर्क का जीनस स्मार्ट मीटर लगाकर दिया जाएगा। नई गाइडलाइंस के पहले नया कनेक्शन पर प्रीपेड मीटर ही लगता था लेकिन अब फोर जी पोस्टपेड स्मार्ट मीटर लगाए जाएंगे। केस्को के आईटी डिवीजन के अधिशाषी अभियंता सर्वेश पांडेय ने बताया कि 17 हजार ईईएसएल के पुराने प्रीपेड स्मार्ट मीटरों को जीनस स्मार्ट मीटरों में बदलने की प्रक्रिया शुरू हो गई है और यह पोस्टपेड हैं। बाकी एक लाख 26 हजार प्रीपेड भी नए स्मार्ट मीटरों में बदले जाएंगे। उपभोक्ताओं के पास प्रीपेड मोड भी लेने का विकल्प बना रहेगा

सामान्य प्रश्न

कितने स्मार्ट मीटरों को फोर जी पोस्टपेड में बदला जाएगा?
शहर में लगे एक लाख 43 हजार ईईएसएल प्रीपेड स्मार्ट मीटरों को फोर जी पोस्टपेड मीटरों में बदला जाएगा।
Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।