कानपुर की महिला की दो प्रेमियों ने हत्या, कन्नौज में डीजल डाल फूंका
Kanpur News - कन्नौज पुलिस ने मुठभेड़ के बाद महिला की हत्या के आरोपी दो प्रेमियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने उसकी महंगी फरमाइशों से तंग आकर गला घोंटकर हत्या की और पहचान मिटाने के लिए शव को छिबरामऊ में डीजल डालकर जला दिया था।
कन्नौज जिले के छिबरामऊ में तीन दिन पहले मिले एक महिला के अधजले शव की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। शुक्रवार शाम पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ के बाद इस हत्याकांड में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। पकड़े गए आरोपियों की पहचान एहतशाम और असलान के रूप में हुई है, जो कानपुर के रहने वाले हैं।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि मृतका की पहचान कानपुर के बकरमंडी की रहने वाली 30 वर्षीय मुस्कान उर्फ जन्नत के रूप में हुई है। मुस्कान तलाकशुदा थी और पिछले तीन साल से एहतशाम के संपर्क में थी। बाद में उसे पता चला कि मुस्कान उसके दोस्त असलान से भी बात करती है। एहतशाम का कहना है कि मुस्कान उन दोनों से लगातार महंगे गिफ्ट और रुपयों की मांग करती रहती थी। उसकी रोज-रोज की फरमाइशों और दोनों के साथ संबंध होने के कारण उन्होंने उसे रास्ते से हटाने की योजना बनाई।
योजना के मुताबिक, मंगलवार शाम असलान ने मुस्कान को शुक्लागंज स्थित एक घर पर बुलाया। वहां एहतशाम और असलान ने मिलकर उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी। इसके बाद शव को छिपाने के लिए उन्होंने एहतशाम के भाई की क्रेटा कार का इस्तेमाल किया। पहचान मिटाने के उद्देश्य से वे शव को कन्नौज के छिबरामऊ क्षेत्र में निगोह मोड़ के पास ले गए और वहां डीजल डालकर उसे जला दिया।
इस सनसनीखेज मामले का खुलासा करने के लिए पुलिस ने लगभग 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। सीसीटीवी में एक संदिग्ध कार नजर आई, जिसके नंबर से पुलिस आरोपियों तक पहुंच सकी। जिस कार का इस्तेमाल शव ले जाने में किया गया, उस पर पत्रकार लिखा हुआ था, हालांकि उनके परिवार में कोई पत्रकार नहीं है। शुक्रवार को जब आरोपी दोबारा इलाके में आए, तो पुलिस से मुठभेड़ हो गई। जवाबी फायरिंग में एहतशाम के पैर में गोली लगी है और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने इनके पास से हथियार और कारतूस भी बरामद किए हैं।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




