
प्रसव के बाद महिला की मौत, अस्पताल में हंगामा
Kanpur News - कानपुर के पुखरायां में एक निजी अस्पताल में प्रसव के बाद महिला की मौत हो गई। परिजनों ने अस्पताल पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। महिला का ऑपरेशन 19 जनवरी को हुआ था और इलाज के दौरान उसकी स्थिति बिगड़ गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू की।
कानपुर देहात, संवाददाता। पुखरायां के एक निजी अस्पताल में सोलह दिन पूर्व आपरेशन से प्रसव के बाद गंभीर हुई महिला की उपचार के दौरान मौत हो गई। इससे गुस्साए परिजनों ने गुरुवार को उसका शव पुखरायां स्थित अस्पताल मे रखकर लापरवाही का आरोप लगा हंगामा किया । सूचना पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझाकर शांत कराने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। इसके साथ ही घटना की छानबीन शुरू की है। भोगनीपुर कोतवाली क्षेत्र के दौलतपुर गांव के रहने वाले दीपक यादव की शादी वर्ष 2023 में अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के मुर्रा गांव के प्रेमनारायण की पुत्री 20 साल की अलका के साथ हुई थी।
इस समय वह गर्भवती थी। प्रसव पीड़ा होने पर 19 जनवरी को परिजनों ने उसको पुखरायां के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां आपरेशन से प्रसव के बाद उसने बच्चे को जन्म दिया। इसके कुछ देर बाद उसकी हालत बिगड़ गई। इसपर उसको नौबस्ता कानपुर के एक निजी अस्पताल मे रेफर कर दिया। वहां उपचार कराने के बाद भी उसकी हालत में सुधार नहीं होने पर परिजन उसको रावतपुर के एक निजी अस्पताल में ले गए। वहां से दो दिन पहले उसको घर भेजा गया था। गुरुवार सुबह अलका की हालत अचानक बिगड़ने पर परिजन उसको कानपुर ले जा रहे थे, लेकिन पुखरायां पहुंचते ही उसने दम तोड़ दिया। इससे गुस्साए परिजनों ने शव पुखरायां के उसी अस्पताल मे ले जाकर रखने के बाद लापरवाही से प्रसूता का आपरेशन करने से हादसा होने का आरोप लगा हंगामा किया। सूचना पर पहुंचे भोगनीपुर कोतवाल ने पुलिस टीम के साथ वहां पहुंचकर नाराज परिजनों को समझाकर शांत कराने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। भोगनीपुर कोतवाल ने बताया कि परिजनों ने अस्पताल में 19 जनवरी को हुए आपरेशन से हालत बिगड़ने की वजह से इलाज के दौरान प्रसूता की मौत होने की बात कही है। घटना की छानबीन हो रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई होगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




