बदली के साथ उमस ने किया बेचैन,देर शाम फिर बदला मौसम
कानपुर देहात में नौतपा के शुरुआती दिनों में गर्मी से राहत मिली है। मौसम में बदलाव से उमस भरी गर्मी में कमी आई है। किसान धान नर्सरी के लिए खेत तैयार कर रहे हैं। हालांकि, दिन में गर्मी बनी हुई है, जबकि रात में हल्की बारिश से माहौल खुशगवार हो गया है। अगले 24 घंटे में और बारिश की संभावना है।

कानपुर देहात,संवाददाता। नौतपा के शुरुआती दिनों में मौसम के रौद्र रुप में हर कोई गर्मी से बेहाल नजर आया था। बीते चार दिनों से हर दिन बदल रही मौसम की चाल से दिन में उमस बरकरार रहने के बाद भी गर्मी के सितम से लोगो को राहत मिली है। दिन में धूप की तल्खी का प्रभाव अब भी देखने को मिल रहा है। एक पखवाड़े से दिन व रात के तापमान में उतार-चढ़ाव का दौर बने रहने से देर रात तक अचानक मौसम के करवट बदलने से लोगो को तपन भरी गर्मी से राहत मिली है। बीते चार दिनों से मौसम एक्सप्रेस में बदलाव का असर उमस भरी गर्मी से बेचैन लोगो पर भी पड़ा है।
मौसम की बदली चाल से गर्मी से तप रहे लोगो को राहत मिली है,वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में किसान भी धान नर्सरी के लिए खेतों को तैयार करने के साथ जायद फसलों खासकर उड़द व मंूग की तैयार फसलों को समेटने में डट गए है। मौसमी बदलाव के बाद भी दिन में हवा की रफ्तार तेज रहने से उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर रही है। वहीं रात में आंधी के साथ हल्की बारिश से माहौल खुशनुमा बना रहता है। जेठ अधिमास माह में मौसम की बदली चाल से किसान आगे आने वाले समय में मानसून कमजोर रहने का अंदेशा जता रहे है। रविवार को आसमान दोपहर तक साफ रहने के बाद शाम को बादलों की आवाजाही से मौसम में तब्दीली नजर आई। हवा में नरमी से तापमान 36 डिग्री तक जा पहंुचा। दिन में धूप की तल्खी से उमस का असर बना रहता है। मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में आंधी व गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है। आसमान में बदली छाए रहने के साथ मौसम में उतार-चढ़ाव का अंदेशा जताया जा रहा है।
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


