Kanpur News: गोविंदपुरी पुल पर दो घंटे जाम, एंबुलेंस भी फंसी
Kanpur News: शुक्रवार को कानपुर में गोविंदपुरी पुराने पुल से घंटाघर और टाटमिल तक भीषण जाम लगा। रॉन्ग साइड से आए मौरंग लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली, सड़क पर सवारियां भरते ऑटो-टेंपो और ठेलों के कारण यातायात बाधित हुआ। गोविंदपुरी पुल पर वाहन दो घंटे तक फंसे रहे और एंबुलेंस भी जाम में जूझती दिखी। घंटाघर, जीटी रोड और टाटमिल के आसपास लंबी कतारों से लोग परेशान हुए।

Kanpur News: कानपुर, प्रमुख संवाददाता। कानपुर की सड़कों पर शुक्रवार को जाम का ऐसा जाल बिछा कि गोविंदपुरी पुराने पुल से लेकर घंटाघर और टाटमिल तक वाहन रेंगते रहे। कहीं रॉन्ग साइड में घुसे मौरंग लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली ने रास्ता रोका तो कहीं सड़क पर सवारियां भरते ऑटो-टेंपो और ठेलों ने यातायात की रफ्तार थाम दी। गोविंदपुरी पुल पर दो घंटे तक वाहन फंसे रहे और एंबुलेंस तक जाम में जूझती नजर आई। वहीं, घंटाघर से जीटी रोड और टाटमिल से झकरकटी पुल तक वाहनों की कतारों ने लोगों को हलकान कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, डीबीएस की ओर से आने वाले मौरंग लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली गोविंदपुरी पुराने पुल की सर्विस लेन से रॉन्ग साइड में स्टेशन की ओर जाने लगे। इससे पुल से उतरने का रास्ता बाधित हो गया। इसी दौरान भारत सरकार लिखी एक कार ने बाइक में टक्कर मार दी, जिससे पीछे बैठी महिला सड़क पर गिर गई। महिला को किनारे करने के लिए लोग जुटे तो पुल पर यातायात लगभग ठप हो गया। देखते ही देखते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
घंटाघर और टाटमिल में भी जाम का असर
घंटाघर से जीटी रोड तक जाम, टाटमिल पर भी फंसे वाहन
घंटाघर चौराहे पर शुक्रवार दोपहर करीब साढ़े तीन बजे तिपहिया वाहनों की अराजकता और सड़क तक ठेले लगे होने से जाम लग गया। हैरिसगंज पुल से जीटी रोड की ओर आने-जाने वाले वाहन फंसने लगे। इसका असर टाटमिल चौराहे पर भी पड़ा और देखते ही देखते आसपास की सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। टाटमिल चौराहे पर जाम का असर एक ओर झकरकटी पुल, दूसरी ओर स्टेशन रोड और तीसरी ओर नए पुल तक दिखाई दिया। चौराहे के आसपास ऑटो, टेंपो और ई-रिक्शा चालक सड़क पर ही सवारियां उतारते और बैठाते रहे। ट्रैफिक पुलिस की मौजूदगी के बावजूद वाहनों की इस अव्यवस्थित आवाजाही से जाम बढ़ता गया और लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।

