
बादशाहीनाका कट हटाने पर बंटे व्यापारी, डीएम बोले- कराएंगे जांच
Kanpur News - बादशाहीनाका कट हटाने पर बंटे व्यापारी, डीएम बोले- कराएंगे जांच बादशाहीनाका कट हटाने पर बंटे व्यापारी, डीएम बोले- कराएंगे जांच बादशाहीनाका कट हटाने पर
कानपुर। बादशाहीनाका बाजार में कट हटाने को लेकर व्यापारियों में दो फाड़ है। एक पक्ष इसको हटवाने की मांग कर रहा तो दूसरी ओर इसका विरोध कर रहा है। शुक्रवार को डीएम के सामने एक बार फिर यह मुद्दा उठा तो उन्होंने डीसीपी ट्रैफिक की अध्यक्षता में टीम को मौके का निरीक्षण करने को कहा। इसके बाद कट को लेकर अंतिम निर्णय लिया जाएगा। सरसैया घाट स्थित नवीन सभागार में जिला उद्योग व व्यापार बंधु की अलग-अलग बैठक हुई। बैठक में सड़क, बिजली, पानी, स्ट्रीट लाइट सहित अन्य महत्वपूर्ण समस्याओं की विस्तार से समीक्षा की गई। डीएम ने कहा कि किसी भी प्रकरण को लंबित न रखा जाए।
समस्याओं के समाधान के उपरांत संबंधित संगठनों को भी इसकी जानकारी दें। बादशाहीनाका बाजार में कट को हटाने की मांग लगातार बैठक में होने के बावजूद समाधान न होने पर कानपुर कपड़ा कमेटी से जुड़े व्यापारियों ने नाराजगी जताई। कहा कि इसको हटाने से व्यापार को गति मिलेगी। वहीं नौघड़ा के व्यापारियों ने इसका विरोध किया। डीएम ने कहा कि टीम भेजकर मौके का मुआयना कराएंगे। टीम की रिपोर्ट पर इसका निर्णय लिया जाएगा। बैठक में अफीमकोठी क्षेत्र में नियमित सफाई न होने, स्ट्रीट लाइट खराब रहने, सीवर लाइन बंद होने, सुलभ शौचालय की व्यवस्था न होने तथा सफाई कर्मचारियों की अनियमित उपस्थिति की समस्याएं उठाई गईं। इस पर जल निगम के अधिकारी ने अवगत कराया कि सीवर लाइन बिछाने के लिए लोक निर्माण विभाग से अनुमति प्राप्त न होने के कारण कार्य प्रारंभ नहीं हो सका है। डीएम ने लोक निर्माण विभाग के उपस्थित अधिकारी को तत्काल अनुमति प्रदान कर कार्य प्रारंभ कराने के निर्देश दिए। बैठक में गोविंदपुरी रेलवे स्टेशन को जाने वाले मार्ग, जो पॉपुलर धर्म कांटे से होकर गुजरता है, में बीच सड़क पर ट्रांसफार्मर स्थापित होने से उत्पन्न अवरोध की समस्या भी रखी गई। इस संबंध में केस्को के संबंधित अधिकारी को जरूरी कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त झकरकटी बस अड्डा पुल पर रोडवेज बसों के खड़े होने से लगने वाले जाम तथा झकरकटी पुल से घंटाघर जाने वाले मार्ग की क्षतिग्रस्त सड़क की समस्या भी सामने आई, जिस पर जिलाधिकारी ने पीडब्ल्यूडी अफसरों को त्वरित कदम उठाने के निर्देश दिए।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




