पोस्टपेड हो गए 1.30 लाख स्मार्ट मीटर, 10 जून को आएगा बिल
Kanpur News - कानपुर में 1.30 लाख प्रीपेड स्मार्ट मीटर अब पोस्टपेड कर दिए गए हैं। इन मीटरों का बिजली कटने या रीचार्ज की आवश्यकता नहीं होगी। मई का बिल 10 जून को आएगा। बिल का भुगतान 15 दिनों तक करना होगा, अन्यथा कनेक्शन कट जाएगा।

कानपुर, प्रमुख संवाददाता। शहर में लगे फोर जी नेटवर्क वाले 1.30 लाख प्रीपेड स्मार्ट मीटरों को पोस्टपेड कर दिया गया है। अब निगेटिव बैलेंस पर इनकी न तो बिजली कटेगी और न ही इनको रीचार्ज कराने की जरूरत है। मई का बिजली का बिल 10 जून को आएगा। हर महीने एक से 30 तारीख तक बिजली खर्च का बिल अगले महीने की 10 तारीख को बनेगा और उसका एसएमएस उपभोक्ताओं के मोबाइल पर आएगा। बिल बनने के अगले 15 दिनों तक बिल का भुगतान करने की देय तिथि होगी और 15 तारीख से अगले सात दिनों तक बिजली नहीं कटेगी। इसके बाद भी बिल भुगतान न होने पर कनेक्शन कट जाएगा। इन तारीखों की जानकारी एसएमएस पर आए बिल में होगी।
बिलिंग प्रक्रिया
अगर किसी उपभोक्ता ने प्रीपेड मीटर को अधिक राशि का रीचार्ज करा लिया है तो वह राशि अगले बिल में समायोजित हो जाएगी। बैलेंस निगेटिव है तो वह बिल है, जिसे अगले महीने तक जमा करना होगा। बता दें कि 1.30 लाख प्रीपेड स्मार्ट मीटर हैं और 31 हजार पोस्टपेड स्मार्ट मीटर हैं। यह कुल 1.61 लाख स्मार्ट मीटर आरडीएसएस योजना के तहत जीनस कंपनी ने लगाए हैं। जबकि पिछले करीब आठ सालों से शहर में लगे टू जी नेटवर्क वाले स्मार्ट मीटर प्रीपेड हैं, जिनके पोस्टपेड करने को लेकर यूपीपीसीएल ने गाइडलाइंस में कोई जिक्र नहीं किया है। ऐसे शहर में 1.56 लाख स्मार्ट मीटर हैं, जिन्हें ईईएसएल कंपनी ने लगाया है।
गाइडलाइंस का पालन
केस्को के मीडिया प्रभारी व एक्सईएन देवेंद्र वर्मा ने बताया कि यूपीपीसीएल की गाइडलाइंस को लागू कर दिया गया है। अब प्रीपेड स्मार्ट मीटर धारकों के मई महीने का बिल 10 जून को एसएमएस से मिलेगा। जिन स्मार्ट मीटरों का डाटा नेटवर्क या दूसरे कारणों से पांच तारीख तक सर्वर पर नहीं पहुंचेगा, उनका बिल मीटर रीडर घर जाकर मैनुअल बना देगा।
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


