
नेटफ्लिक्स पर पूरी दुनिया देखेगी कानपुर का इनोवेशन
Kanpur News - कानपुर के स्टार्टअप एलसीबी फर्टिलाइजर की शार्ट फिल्म अब नेटफ्लिक्स इंडिया पर दिखाई जा रही है। यह फिल्म मिट्टी, किसान और फसलों से जुड़ी चुनौतियों को दर्शाती है। इसमें जैविक खाद के फायदों को दिखाया गया है, जो नैनोटेक्नोलॉजी का उपयोग करती है और उत्पादन में वृद्धि तथा पानी की बचत करती है।
कानपुर, प्रमुख संवाददाता। कानपुर के नवाचार को अब पूरी दुनिया देखेगी। उद्योगपति से लेकर छोटे-छोटे बच्चे भी कार्टून फिल्म के माध्यम से न सिर्फ मिट्टी, किसान और फसलों को लेकर आ रही चुनौतियों को समझेंगे और फिर अनुसंधान से मिले उपचार को देखेंगे। नेटफ्लिक्स इंडिया पर आईआईटी कानपुर के स्टार्टअप एलसीबी फर्टिलाइजर की शार्ट फिल्म दिखाई जा रही है। यह फिल्म केंद्रीय सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय और देश के प्रमुख वैज्ञानिक सलाहकार के निर्देश पर बनाई गई है। स्टार्टअप के फाउंडर अक्षय श्रीवास्तव ने बताया कि मंत्रालय ने देश के चुनिंदा स्टार्टअप के नवाचार को नेटफ्लिक्स इंडिया पर फिल्म के माध्यम से शामिल किया है।
ये सभी वे स्टार्टअप हैं, जो समाज में बड़ा बदलाव लाने में मददगार हो सकते हैं। इसका शुभारंभ 13 जनवरी को हुआ है। अक्षय ने बताया कि एलसीबी फर्टिलाइजर एक जैविक खाद तैयार कर रहा है। यह खाद मिट्टी के दोस्त जीवाणुओं को बढ़ाती है, जिससे बिना रसायन के ही उर्वरकता में इजाफा होता है। इस खाद में नैनोटेक्नोलॉजी का इस्तेमाल किया गया है। जिससे खाद की मात्रा कम और परिणाम अधिक मिलता है। इस खाद के उपयोग से 35 फीसदी तक पानी की बचत होती है। वहीं, उत्पादन में 40 फीसदी तक वृद्धि के साथ खाद्यान्न की गुणवत्ता में सुधार होता है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




