ट्रांसगंगा सिटी पुल से होगी गंगा रिवर फ्रंट की कनेक्टिविटी
Kanpur News - कानपुर में ट्रांसगंगा सिटी से वीआईपी रोड को जोड़ने वाला गंगा नदी का फोर लेन पुल बनाए जाने की योजना है। गंगा रिवर फ्रंट से अटल घाट, रानी घाट और सरसैया घाट को जोड़ा जाएगा, जिससे धार्मिक और पर्यटन गतिविधियों में वृद्धि होगी। यह पुल शहर में जाम की समस्या को भी कम करेगा।

कानपुर, प्रमुख संवाददाता। ट्रांसगंगा सिटी से वीआईपी रोड को जोड़ने वाले गंगा नदी के फोर लेन पुल की कनेक्टिविटी अटल घाट से शुक्लागंज तक गंगा किनारे प्रस्तावित गंगा रिवर फ्रंट से होगी। शुक्लागंज गंगा पुल, ट्रांसगंगा सिटी गंगा पुल और गंगा बैराज से वीआईपी रोड के समानांतर बनने वाले रिवर फ्रंट के जरिये शहरी कनेक्ट होंगे। करीब 800 करोड़ रुपये से बनने वाले ट्रांसगंगा सिटी पुल को शासन की व्यय वित्त समिति से स्वीकृति मिलने के बाद बजट में इसका प्रावधान किया गया है। शासनादेश के बाद टेंडर प्रक्रिया शुरू होगी। वहीं, करीब दो हजार करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से प्रस्तावित गंगा रिवर फ्रंट की डीपीआर के लिए जारी हो चुके टेंडर 27 फरवरी को खुलेंगे।
रिवर फ्रंट से दो जगह होगी पुल की कनेक्टिविटी गंगा रिवर फ्रंट की ट्रांसगंगा सिटी से दो जगह पर कनेक्टिविटी होगी। फोर लेन गंगा पुल नदी के बीच में वाई आकार से दो-दो लेन में बंटेगा। एक रानीघाट तो दूसरा धोबीघाट से जुड़ेगा। दोनों जगहों से ही गंगा और वीआईपी नदी के सामानांतर रिवर फ्रंट गुजरेगी। करीब 9 किलोमीटर लंबे गंगा रिवर फ्रंट से अटल घाट, रानी घाट, आनंदेश्वर मंदिर रिवर साइड और सरसैया घाट को गंगा रिवर फ्रंट से जोड़ा जाएगा, जिससे धार्मिक, सांस्कृतिक एवं पर्यटन गतिविधियां बढ़ेंगी। रिवर फ्रंट और पुल से जाम पर लगेगा अंकुश सिक्सलेन रिवर फ्रंट के जरिये तीन गंगा पुलों को कनेक्ट करने की कवायद के जरिये शहर के भीतर जाम पर अंकुश लगाने की कवायद होगी। वीआईपी रोड से आने जाने वाले वाहन तीन तरफ से लखनऊ की तरफ आ जा सकेंगे। इससे शहर में ट्रैफिक की स्थिति सामान्य हो सकेगी। अगले 40 से 50 सालों तक ट्रैफिक बढ़ने से वीआईपी रोड जाम न हो, इसके लिए यह रिवर फ्रंट बनाया जा रहा है। कानपुर से उन्नाव की तरफ जाने के बाद लोग सहजनी मोड़ और शुक्लागंज पुल से मिश्रा कॉलोनी की तरफ से आ जा सकेंगे। हालांकि शुक्लागंज गंगा पुल के आगे रेलवे लाइन पर आरओबी बनाने के लिए सांसद रमेश अवस्थी और उन्नाव विधायक पंकज गुप्ता ने आरओबी बनाने की मांग सरकार से की है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



