ऊंट और घोड़ों संग झूमकर निकला ऐतिहासिक गंगा मेला, मस्ती में सराबोर होते रहे होरियारे

Mar 10, 2026 05:31 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, कानपुर
share

Kanpur News - कानपुर के गंगा मेला पर होली का जश्न धूमधाम से मनाया गया। बच्चों और बड़ों ने मिलकर रंगों की बौछार की। हटिया के रज्जन बाबू पार्क में शहीदों की याद में तिरंगा फहराया गया। जुलूस में ऊंट, घोड़े और ट्रैक्टर ट्रॉलियों के साथ रंगों की बौछार होती रही। यह महोत्सव स्वतंत्रता संग्राम से जुड़ा है।

ऊंट और घोड़ों संग झूमकर निकला ऐतिहासिक गंगा मेला, मस्ती में सराबोर होते रहे होरियारे
कानपुर, मुख्य संवाददाता। छतों, छज्जों और खिड़कियों से रंगों की बौछार, रंग व गुलाल से सराबोर नाचते-झूमते होरियारे, पिचकारी लेकर दौड़-दौड़कर रंग उड़ेलते बच्चे, फाग-होली गीत गाती टोलियां...। स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े ऐतिहासिक गंगा मेला पर मंगलवार को कनपुरिया होली की मस्ती सुबह से ही चरम पर पहुंच गई। हटिया से ऊंट, घोड़े और ट्रैक्टर ट्रालियों पर रंगों का ठेला निकला तो यह मस्ती और परवान चढ़ गई। बिरहाना रोड पर मटकी फोड़ प्रतियोगिता में ऊंची-ऊंची अटारियों से खूब रंग बरसा। गीतों पर नृत्य का ऐसा सुरूर छाया कि घंटों पैर थिरकते रहे। गंगा मेला की होली पर शहर में अद्भुत छटा बिखरी। सुबह घरों से ही एक-दूसरे का चेहरा पोतने का सिलसिला शुरू हो गया। बच्चों के आपस में रंग फेंकते ही बड़े भी होरिया उठे। देवर ने भौजाई को रंगा तो भैया ने भी भाभी को नहीं छोड़ा। आंगन और छतों पर परिवार और पड़ोसी हिलमिल कर एक-दूसरे के चेहरे रंगते नजर आए। सूरज देव की चमक बढ़ने के साथ रंगों की धार भी तेज होती गई। सड़कों पर होरियारों की टोली निकली तो छतों से रंग बरसने लगा।

तिरंगे गुब्बारों से सजा था रज्जन बाबू पार्क

आजादी के दीवानों की याद में मनाए जाने वाले गंगा मेला पर हटिया के रज्जन बाबू पार्क को तिरंगे गुब्बारों और केसरिया झंडों से सजाया गया था। पार्क में अमर शहीद सरदार भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरू को याद करते हुए उनके चित्रों पर माला पहनाने के साथ पुष्पांजलि अर्पित की गई। क्रांतिकारियों के शिलालेख पर भी फूल-मालाएं अर्पित की गईं। डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने तिरंगा फहराया। पुलिस बैंड ने राष्ट्रीय गान की धुन बजाई। विधायक अमिताभ बाजपेई और एमएलसी सलिल विश्नोई के अलावा स्वतंत्रता संग्राम से जुड़े लोगों के परिजनों की मौजूदगी में ऐतिहासिक रंगों के ठेले की शुरुआत की गई। पूरे जुलूस मार्ग में होरियारों की टोलियों ने रंगों की बारिश कर माहौल को सतरंगी बना दिया। रंगों के ठेले का शुभारंभ कानपुर होली महोत्सव कमेटी के संयोजक ने सभी के अबीर गुलाल लगाकर किया।

जुलूस में दिखे कई रंग

रंगों के ठेले संग जुलूस में सबसे आगे समिति का बैनर लगा था। जुलूस में आठ ऊंट और छह घोड़ों के साथ आठ लोडर और चार ट्रैक्टर ट्रॉली पर सवार नवयुवक रंगों की बौछार करते हुए आगे बढ़ रहे थे। इस बार प्राचीन परंपरा के अनुरूप भैंसा ठेला नहीं था जो लोगों को अखरा। हालांकि इसकी भरपाई युवकों ने ट्रैक्टर ट्राली पर लादे गए रंगों के ड्रमों से करने की कोशिश की। वंदेमातरम और भारत माता की जयघोष के बीच मूलगंज चौराहे से मतवालों की भीड़ गुजरी। रज्जन बाबू पार्क से जैसे ही रंग का ठेला उठा क्रांति के मतवालों की याद में जयकारों से गलियां गूंज गईं।

जयकारों से गूंज उठीं गलियां

रंगों का ठेला हटिया के रज्जन बाबू पार्क से निकलकर जनरलगंज बाजार, मनीराम बगिया, मूलगंज, टोपी बाजार पहुंचा। इसके बाद चौक स्थित कोतवालेश्वर मंदिर में प्राचीन परंपरा के अनुसार भगवान भोले शंकर का अबीर गुलाल से अभिषेक किया गया। यहां से आगे निकला जुलूस चौक सराफा, कोतवाली, मेस्टन रोड, शिवाला, कमला टावर, बिरहाना रोड, नयागंज, काहूकोठी और लाठी मोहाल होते हुए रज्जन बाबू पार्क में समाप्त हुआ।

छज्जों तक मारी धार तो हुई बौछार

ठेला पर रंग भरे ड्रम से पिचकारी से युवाओं ने छज्जों तक रंगों की धार मारी तो ऊपर से महिलाएं और बच्चे भी उन्हें सराबोर करने में कोई कसर नहीं छोड़ीं। हरा, नीला, पीला, लाल, गुलाबी गुलाल के गुबार से आसमान सतरंगी हो गया। बीच-बीच में भारत माता की जय, वंदे मातरम भी गूंजा।

स्वाधीनता संग्राम से जुड़ा है मेला

हटिया गंगा मेला महोत्सव कमेटी के संरक्षक मूलचंद्र सेठ ने बताया कि 1942 के स्वाधीनता आंदोलन के दौरान प्रतिबंध के बाद भी यहां रज्जनबाबू पार्क में तिरंगा फहराकर रंग खेला गया था। अंग्रेज पुलिस ने तब लाठीचार्ज कर 40 युवकों को गिरफ्तार कर लिया था। इसके विरोध में व्यापारियों ने पूरा कारोबार बंद कर दिया। मजदूरों ने मिलें बंद कर दीं। आखिरकार अंग्रेजों को झुकना पड़ा। युवकों को अनुराधा नक्षत्र में छोड़ा गया था इसलिए युवकों की छोड़ने की खुशी में यहां मेले के दिन तक रंग बरसता है।

Hindustan

लेखक के बारे में

Hindustan
हिन्दुस्तान भारत का प्रतिष्ठित समाचार पत्र है। इस पेज पर आप उन खबरों को पढ़ रहे हैं, जिनकी रिपोर्टिंग अखबार के रिपोर्टरों ने की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।