
बरसाती नाले में जा रहा सीवर का गंदा पानी
Kanpur News - इंदौर की घटना के बाद गोविंद नगर के बरसाती नाले में सीवर का गंदा पानी बह रहा है। भाजपा पार्षद नवीन पंडित और स्थानीय लोग डीएम के पास पहुंचे और समस्या के समाधान की गुहार लगाई। व्यापारियों के विरोध के कारण काम रुक गया है, जिससे लोग परेशान हैं। डीएम ने टीम भेजकर रिपोर्ट मंगाने का आश्वासन दिया।
कानपुर, मुख्य संवाददाता। इंदौर की घटना के बाद भी गोविंद नगर के बरसाती नाले में सीवर का गंदा पानी जा रहा है। इसमें पानी की पाइप लाइनें भी पड़ी हैं। नगर निगम सदन में भाजपा पार्षद दल के नेता नवीन पंडित जब नगर निगम और जलकल के जरिए इस समस्या का निस्तारण नहीं करा सके तो डीएम के पास जा पहुंचे। उनके साथ पहुंचे सैकड़ों लोगों ने डीएम से गुहार लगाई कि इस समस्या से निजात दिलवाएं। पार्षद नवीन पंडित समेत गोविंदनगर वासियों ने फरियाद की कि कुछ दुकानदार सीवर लाइन नहीं डालने दे रहे हैं। बरसाती नाले में पांच वार्डों का सीवर का गंदा पानी जा रहा है।
टेंडर हो चुका है और यहां तक कि वर्क ऑडर भी हो चुके हैं। काम शुरू ही होने वाला था कि कुछ व्यापारियों ने विरोध करना शुरू कर दिया। इससे काम ही रुका पड़ा है। सीवरभराव से लोगों का जीना दुश्वार है। गंदा पानी सड़कों पर बह रहा है। सीवर का पानी और बरसाती नाले का पानी एक साथ मिल रहा है जिससे स्थिति खराब हो चुकी है। जब पंद्रहवें वित्त आयोग से पैसा स्वीकृत हो गया है तो काम शुरू करने में अड़चन क्यों पैदा की जा रही है? डीएम बोले-टीम भेजकर रिपोर्ट मंगाएंगे जिलाधिकारी डीएम जितेंद्र प्रताप सिंह ने नवीन पंडित समेत सभी लोगों को आश्वस्त किया कि मौके पर टीम भेजकर पूरी रिपोर्ट मंगाएंगे और कार्य प्रारंभ करवाएंगे। डीएम से गुहार लगाने वालों में राकेश सचान एडवोकेट, प्रदीप श्रीवास्तव, हरप्रीत सिंह, सुरेंद्र पांडे एडवोकेट, सुधाकर मिश्रा एडवोकेट, प्रेम पांडेय एडवोकेट, रोहित शुक्ला, दलजीत सिंह एडवोकेट, अजय मिश्रा, अखिलेश पांडेय और प्रणवीर सिंह चंदेल आदि मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




