यूट्यूब चैनल चलाना पड़ा भारी, यूट्यूब पर ‘पत्रकार’ बने हेडमास्टर निलंबित

यूट्यूब चैनल चलाना पड़ा भारी, यूट्यूब पर ‘पत्रकार’ बने हेडमास्टर निलंबित

संक्षेप:

Kanpur News - कानपुर देहात के रसूलाबाद ब्लॉक के मेघजाल स्कूल के प्रधानाध्यापक जितेंद्र कुमार सिंह को स्कूल से गैर हाजिर रहने और यू-ट्यूब पर पत्रकारिता करने के मामले में बीएसए ने निलंबित कर दिया। उन्होंने नोटिस का जवाब नहीं दिया और बीईओ की रिपोर्ट में स्कूल से लगातार गायब रहने की बात सामने आई।

Dec 10, 2025 02:29 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, कानपुर
share

कानपुर देहात के रसूलाबाद के मेघजाल स्कूल के हेडमास्टर स्कूल से गैर हाजिर रह कानपुर में यू-टयूब पर चैनल बनाकर पत्रकारिता करने के मामले में बीएसए ने नोटिस दिया है। इस पर उन्होंने नोटिस का जवाब नहीं दिया। मंगलवार को बीईओ की रिपोर्ट आने पर बीएसए ने हेडमास्टर को निलंबित कर दिया। जितेंद्र कुमार सिंह उर्फ जितेंद्र कमल वर्तमान समय में कानपुर देहात जिले के रसूलाबाद ब्लॉक क्षेत्र के मेघजाल गाव के प्राथमिक विद्यालय में प्रधानाध्यापक के पद पर तैनात हैं।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

इनकी नियुक्ति 11 फरवरी 2009 को गणित-विज्ञान विषय के शिक्षक के तौर पर हुई। वह अपना नियमित रूप से वेतन भी ले रहे हैं। इस वक्त उन्होंने ‘कबीर न्यूज’ के नाम से यूट्यूब पर चैनल बनाकर कानपुर महानगर में पत्रकारिता शुरू कर दी। इनकी पत्रकारिता को लेकर इनके वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए है। इसके बाद बीएसए ने संज्ञान लेकर इन्हें नोटिस जारी किया। इसका जवाब उन्होंने नहीं दिया। इस पर उन्हें ऑनलाइन मानव संपदा पोर्टल के जरिये नोटिस भेजा गया है।

वहीं, बीईओ रसूलाबाद अजब सिंह की प्राथमिक जांच में भी इनके आए दिन स्कूल से गायब रहने की बात सामने आई है। इस पर मंगलवार को बीएसए ने उन्हें निलंबित कर दिया। बीएसए अजय मिश्र ने कहा कि बीईओ की रिपोर्ट में स्कूल से गैर हाजिर रहने के साथ ही नोटिस का जवाब न देने समेत सोशल मीडिया के जरिये पत्रकारिता करने आदि की जानकारी आने पर उन्हें निलंबित कर दिया गया है।