Kanpur News: आयोजक लेंगे पूजा पंडाल और डांडिया में प्रवेश का निर्णय
Kanpur News: कानपुर में नवरात्र आयोजकों को दुर्गा पंडाल, डांडिया, गरबा और रामलीला के दौरान सुरक्षा की जिम्मेदारी उठानी होगी। पंडालों में सीसीटीवी कैमरे, अग्निशमन यंत्र और महिला वालेंटियर्स की तैनाती अनिवार्य होगी। नई परंपरा वाले आयोजनों को अनुमति नहीं मिलेगी। बैठक में आयोजकों ने खराब सड़कों, गंदगी, झूलते बिजली के तारों और विसर्जन तालाब की व्यवस्थाओं से जुड़ी समस्याएं उठाईं।

Kanpur News: कानपुर, प्रमुख संवाददाता। शारदीय नवरात्र में दुर्गा पंडाल, डांडिया, गरबा और रामलीला के आयोजकों को सुरक्षा की पूरी जिम्मेदारी उठानी होगी। पंडाल में प्रवेश किसे दिया जाए, इसकी व्यवस्था आयोजन समिति तय करेगी। हर पंडाल में सीसीटीवी कैमरे लगाने के साथ अग्निशमन यंत्र और महिला वालेंटियर्स की तैनाती भी अनिवार्य होगी। नई परंपरा वाले आयोजनों को अनुमति नहीं मिलेगी, जबकि पूर्व से होते आ रहे कार्यक्रमों को तय गाइडलाइन के आधार पर अनुमति दी जाएगी। बुधवार को पुलिस कमिश्नरेट सभागार में शहर के 200 से अधिक मंदिर, दुर्गा पूजा, रामलीला और डांडिया आयोजकों के साथ बैठक हुई। इसमें जिला प्रशासन, केस्को, नगर निगम, फायर ब्रिगेड, यातायात और जोन के डीसीपी मौजूद रहे। अपर पुलिस आयुक्त कानून एवं व्यवस्था डॉ. विपिन ताडा ने कहा कि त्योहारों के दौरान सभी आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए गाइडलाइन का पालन जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नई परंपरा नहीं पड़ने दी जाएगी और पूर्व से होते आ रहे कार्यक्रमों को ही अनुमति दी जाएगी। बैठक में आयोजकों ने जर्जर सड़कों, गंदगी और झूलते बिजली के तारों की समस्याएं उठाईं। मंदिर समितियों ने कहा कि कूड़ा समय से न उठने और खराब सड़कों के कारण श्रद्धालुओं को परेशानी होती है। रामलीला की शोभायात्रा में भी जर्जर सड़कें बाधा बनती हैं। इस पर नगर निगम अधिकारियों को सड़कों पर पैचवर्क और सफाई व्यवस्था दुरुस्त कराने के निर्देश दिए गए।
आयोजकों ने उठाईं स्थानीय समस्याएं
किदवई नगर जंगली देवी मंदिर समिति के महामंत्री विजय पांडेय ने मंदिर के बाहर लगने वाली दुकानों से रास्ता संकरा होने की समस्या बताई। उन्होंने नवरात्र के नौ दिनों तक वाहनों का आवागमन रोकने की मांग की। अर्मापुर की सार्वजनिन दुर्गा पूजा कमेटी के संयुक्त सचिव तुषार घोष ने बताया कि उनकी समिति 85 वर्षों से दुर्गा पूजा करा रही है। यहां हजारों श्रद्धालु आते हैं और करीब 100 मीटर दूर रामलीला भी होती है। उन्होंने विसर्जन के लिए पनकी में बनाए जाने वाले कृत्रिम तालाब में पानी और बिजली की व्यवस्था नहीं होने की समस्या उठाई। डांडिया और गरबा आयोजकों ने कार्यक्रम स्थल पर महिला पुलिस की तैनाती की मांग की। उनका कहना था कि इससे छेड़खानी जैसी घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकेगा।
सुरक्षा और व्यवस्था के निर्देश
कोट-
दुर्गा पूजा पंडालों की सुरक्षा, प्रवेश समेत अन्य जिम्मेदारी आयोजकों की होगी। पूर्ववत होने वाले कार्यक्रमों को ही अनुमति दी जाएगी। सीसीटीवी कैमरे भी लगाने के निर्देश दिए गए हैं। आयोजकों को महिला वालेंटियर्स लगाने को कहा गया है। फायर सेफ्टी सिस्टम रखना होगा। गंदगी, कूड़ा, बिजली के लटकते तार और सड़कों के पैचवर्क के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया गया है। - विपिन ताडा, अपर पुलिस आयुक्त, कानून एवं व्यवस्था
आयोजन के लिए तय नियम
यह हुआ तय
पंडाल की सुरक्षा और प्रवेश व्यवस्था आयोजन समिति तय करेगी।
पंडालों में सीसीटीवी कैमरे और अग्निशमन यंत्र लगाने होंगे।
पुरुषों के साथ महिला वालेंटियर्स की तैनाती करनी होगी।
शोभायात्रा में डीजे का वॉल्यूम निर्धारित मानक के अनुरूप रखना होगा।
आयोजन समितियों को पार्किंग की व्यवस्था भी करनी होगी।
नई परंपरा वाले आयोजनों को अनुमति नहीं दी जाएगी।
गंदगी, कूड़ा, झूलते बिजली के तार और जर्जर सड़कों की समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभाग कार्रवाई करेंगे।


