
महापौर ने सड़क पर रगड़ा चप्पल, उखड़ गया नया पैचवर्क
Kanpur News - बाद में उठाई छेनी हथौड़ी, तोड़कर परखने लगीं सड़क की गुणवत्ता संगीत टॉकीज से चंद्रिका
कानपुर, मुख्य संवाददाता। महापौर प्रमिला पांडेय ने गुरुवार को कालपी रोड पर पीडब्ल्यूडी द्वारा किए गए पैचवर्क को पहले तो भड़कीं फिर छेनी हथौड़ी चलाने लगीं। दस बार के वार में सड़क में छेद हुआ तो उनका पारा और चढ़ गया। कुछ देर बाद अपनी चप्पलों से पैचवर्क को रगड़ा और कहा कि थोड़ी सी रगड़ से पैचवर्क उखड़ रहा है। पीडब्ल्यूडी ने इस घटिया पैचवर्क से सरकार की छवि धूमिल की है। खराब निर्माण कार्य से बदनामी हो रही है। दूसरी ओर पीडब्ल्यूडी ने पैचवर्क को बहुत मजबूत बताया है। महापौर का छेनी-हथौड़ी वाला वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है।

महापौर ने इस संबंध में दिए गए बयान में कहा कि वह संगीत टॉकीज से चंद्रिका देवी मार्ग पर जा रही थीं। अचानक कुछ लोगों ने घेर लिया और घटिया पैचवर्क की शिकायत की। उनका कहना था कि नया पैचवर्क उखड़ गया। इस पर वह गाड़ी से उतरीं और सड़क का पैचवर्क देखा तो पाया कि बजरी फैली हुई थी। उन्होंने नगर निगम के अधिशासी अभियंता आरके तिवारी से पूछा तो पता चला कि पीडब्ल्यूडी ने पैचवर्क किया है। महापौर ने अधिशासी अभियंता से फोन पर बात की। कहा कि लोक निर्माण विभाग के इस कार्य के कारण बदनामी हो रही है। जनता को परेशानी हो रही है। दुर्घटना की आशंका है। सड़क मानक के अनुरूप नहीं बनाई गई है। महापौर के मुताबिक अधिशासी अभियंता ने तत्काल कार्रवाई का आश्वासन दिया। पीडब्ल्यूडी की टीम भी पहुंची महापौर के निर्देश पर पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता अनूप मिश्रा भी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और पैचवर्क के साथ फोटो खिंचवाई। वीडियो भी बनाया और उच्चाधिकारियों को भेजा। कहा कि नए पैचवर्क में किसी तरह की दिक्कत नहीं है। बहुत मजबूत बना है। कोट:::: ‘जाहिर हो गया पैचवर्क मजबूत है’ डिप्टी पड़ाव से चंद्रिका देवी मंदिर के बीच नया बना कोई भी पैचवर्क नहीं उखड़ा है। रात 12 बजे के बाद पैच बना है और सुबह करीब 12 बजे सड़क को खोदने के लिए छेनी-हथौड़ी की जरूरत पड़ी है तो स्पष्ट है कि पैचवर्क का काम मजबूत किया गया है। लगातार काम की निगरानी की जा रही है। - अनूप मिश्रा, एक्सईएन, प्रांतीय खंड, पीडब्ल्यूडी

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




