13 विभाग मिलकर कानपुर को बनाएंगे सेहतमंद
Kanpur News - 13 विभाग मिलकर कानपुर को बनाएंगे सेहतमंद 13 विभाग मिलकर कानपुर को बनाएंगे सेहतमंद 13 विभाग मिलकर कानपुर को बनाएंगे सेहतमंद

कानपुर। डेंगू वाले इलाकों की पहचान से लेकर टीबी मरीजों की ट्रैकिंग और झुग्गियों तक टीकाकरण पहुंचाने की चुनौती अब अलग-अलग विभाग नहीं, बल्कि पूरा प्रशासन मिलकर संभालेगा। कानपुर को स्वस्थ और रोगमुक्त शहर बनाने के लिए गुरुवार को जिला प्रशासन और जॉन स्नो इंडिया (जेएसआई) के सहयोग से सिटी हेल्थ एक्शन प्लान की शुरुआत की गई। इस बहु-विभागीय मॉडल को प्रदेश में शहरी स्वास्थ्य का नया प्रयोग माना जा रहा है। कार्यशाला में स्वास्थ्य विभाग, नगर निगम, बेसिक शिक्षा विभाग, आईसीडीएस, समाज कल्याण विभाग समेत कई विभागों के अधिकारियों ने एक साथ बैठकर शहर की स्वास्थ्य चुनौतियों पर मंथन किया।
खास बात यह रही कि जमीनी कर्मचारियों से लेकर वरिष्ठ अधिकारियों तक ने मिलकर स्वास्थ्य सेवाओं के लिए साझा रणनीति तैयार की। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने स्पष्ट किया कि योजना सिर्फ कागजों तक सीमित नहीं रहेगी। हर वार्ड और जोन के प्रदर्शन की नियमित निगरानी होगी। बेहतर काम करने वाले क्षेत्रों को सम्मानित किया जाएगा, जबकि लापरवाही मिलने पर जवाबदेही भी तय होगी। प्रत्येक विभाग से नोडल अधिकारी नामित कर समयबद्ध प्रक्रिया तय होगी।सीडीओ अभिनव जे. जैन ने विभागों को मापने योग्य संकेतकों पर काम करने और संयुक्त गतिविधियों का खाका तैयार करने के निर्देश दिए। वहीं, जेएसआई की प्रोजेक्ट डायरेक्टर डॉ. आयुषी और स्टेट टीम लीड डॉ. आशीष मौर्य ने बताया कि 13 विभागों को टीबी उन्मूलन, टीकाकरण, वेक्टर जनित रोग और गैर-संचारी रोग के लिए एकीकृत किया गया है। सीएमओ डॉ. हरिदत्त नेमी ने कहा कि कानपुर की 39 लाख शहरी आबादी, खासकर पांच लाख झुग्गी निवासियों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाना सबसे बड़ी चुनौती है। इसके लिए रेड, येलो और ग्रीन फ्लैग आधारित डिजिटल डैशबोर्ड से वास्तविक समय में निगरानी की जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


