एक ही किसान को बेच दी 50 बोरी खाद, लाइसेंस निलंबित
Kanpur News - कानपुर में खाद दुकानदारों ने बिना खतौनी देखे किसानों को अधिक मात्रा में खाद बेची। कृषि विभाग की जांच में दो दुकानदारों की अनियमितताएं उजागर हुईं। इनकी बिक्री रोक दी गई है और लाइसेंस निलंबित कर दिया गया है। जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि नियमों का उल्लंघन करने पर कार्रवाई की जाएगी।

कानपुर, प्रमुख संवाददाता। खाद दुकानदार लगातार बिक्री को लेकर मनमानी कर रहे हैं। खतौनी को देखे बिना एक-एक किसान को बड़े पैमाने पर खाद बेचे दे रहे हैं। कृषि विभाग ने जांच कराई तो दो दुकानदारों की पोल खुल गई। दोनों दुकानों की बिक्री रोककर लाइसेंस को निलंबित कर दिया गया है। दोनों खाद दुकानदारों का स्पष्टीकरण तलब किया गया। नियम के मुताबिक, बिना खतौनी देखे किसी किसान को खाद नहीं दी जाएगी। उसके पास जितनी कृषि भूमि होगी उसके मुताबिक ही किसान को खाद दी जाएगी। इसके इतर खाद दुकानदार खुलेआम खाद बिक्री में मनमानी कर रहे है। जिला कृषि अधिकारी प्राची पांडेय ने जांच कराई तो दो दुकानों में अनियमितता मिली है।
इसके अनुसार, भीतरगांव गड़रियनपुर के मेसर्स किसान खाद भंडार ने बिरहर निवासी किसान दीपेंद्र कुमार को 50 बोरी खाद बेच दी। इसी तरह से बिधनू दहेली उजागर के मेसर्स एम पैक्स ने गुड़िया को 42 बोरी खाद बेच दी। जिला कृषि अधिकारी प्राची पांडेय ने बताया कि दो दुकानदारों ने निर्धारित मात्रा से अधिक खाद बेची है। दोनों का लाइसेंस निलंबित कर खरीद बिक्री पर रोक लगा दी गई है। दोनों दुकानदारों से स्पष्टीकरण तलब किया गया है। जवाब संतोषजनक न होने पर कार्रवाई की जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


