Hindi NewsUttar-pradesh NewsKanpur NewsKanpur Entrepreneurs Express Anger Over High House Tax and Unfair Recovery Practices
जमा करने के बाद भी दिखा  रहे बकाया, बिना नोटिस कुर्की

जमा करने के बाद भी दिखा रहे बकाया, बिना नोटिस कुर्की

संक्षेप:

Kanpur News - कानपुर में, उद्यमियों ने नगर आयुक्त के साथ बैठक में उच्च हाउस टैक्स और बिना नोटिस के कुर्की करने की प्रथा पर नाराज़गी जताई। उन्होंने बिल में पिछले वर्षों का बकाया दिखाने और जीआईएस सर्वे की गलतियों के बारे में भी शिकायत की। नगर आयुक्त ने उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया।

Feb 04, 2026 08:47 pm ISTNewswrap हिन्दुस्तान, कानपुर
share Share
Follow Us on

कानपुर, प्रमुख संवाददाता। नगर आयुक्त के साथ बुधवार को बैठक में उद्यमियों ने जमकर भड़ास निकाली। अत्यधिक हाउस टैक्स लेने पर कहा कि ऐसे तो हम बगैर हिसाब-किताब सिर्फ टैक्स ही चुकता करते रहेंगे। हाउस टैक्स की दरें न बढ़ने पर भी ज्यादा रकम का बिल आने पर नाराज़गी जताई। उद्यमियों ने बताया कि बिना नोटिस दिए कुर्की की कार्रवाई की जा रही है जोकि गलत है। नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने भरोसा दिया कि जब तक नोटिस नहीं दिया जाएगा तब तक कोई भी कुर्की की कार्रवाई नहीं की जाएगी। टैक्स जमा करने के बाद भी बिल में पिछले वर्षों का बकाया दिखाया जा रहा है।

प्यार से लेकर प्रमोशन तक 2026 का पूरा हाल जानें ✨अभी पढ़ें

बैठक में जीआईएस सर्वे मनमाने व गलत तरीके से करने का मामला उठा तो नगर आयुक्त ने मामले को शासन तक भेजने की बात कही। सेल्फ एसेसमेंट का फॉर्म विभाग में उपलब्ध नहीं होने की शिकायत उद्यमियों ने की। उमंग अग्रवाल ने कहा कि फजलगंज औद्योगिक क्षेत्र में खंभों में लाइटें लगवाई गईं थीं, जो सभी खंभों से मय फिटिंग के चोरी हो गई हैं। सभी संबंधित अधिकारियों को इसकी जानकारी देने पर भी कुछ नहीं हुआ। इस्पात नगर औद्योगिक क्षेत्र में खाली प्लाट का कर निर्धारण पहले गलत करके फिर उत्पीड़न करने के बाद कम करने की शिकायत की गई। मनोज बंका ने कहा कि बिल संशोधन करने में काफी समय लगता है और ऐसे में कर अदा करने की समय सीमा समाप्त हो जाती है। 10% की छूट नहीं मिल पाती। अनुरोध किया गया कि बिल संशोधित करने के बाद भी भुगतान पर छूट मिले। प्रेरणा वर्मा ने टैक्स में किसी भी प्रकार की वृद्धि से पूर्व संबंधित इकाइयों को समुचित सूचना देने की भी मांग रखी। विजय कपूर, दिनेश बारसिया, सुनील वैश्य, संदीप अवस्थी आदि उद्यमी मौजूद रहे।