
कोहरे में हादसों पर नियंत्रण को कवायद शुरू
Kanpur News - कानपुर देहात में कोहरे के कारण सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं। पुलिस लाइन में एसपी ने किट्रिकल कॉरिडोर टीम और यातायात पुलिस को सामूहिक अभियान चलाने के निर्देश दिए। जिले में हर दिन औसतन एक मौत और दो लोग घायल होते हैं, जिससे इसे दुर्घटना जोन माना जा रहा है।
कानपुर देहात। कोहरे में होने वाली सड़क दुर्घटनाओं पर नियंत्रण व जिले को दुर्घटना शून्य बनाने के लिए कवायद तेज हो गई है। इसी क्रम में रविवार को पुलिस लाइन माती में हुई गोष्ठी में एसपी ने थानों में गठित किट्रिकल कॉरिडोर टीम, यातायात पुलिस व डायल-112 टीम को सामूहिक अभियान चलाने के निर्देश के साथ व बचाव के टिप्स दिए। जिले में कानपुर-औरैया व बारा-कालपी हाईवे के साथ घाटमपुर-सिकंदरा मुगलगरोड पर भारी संख्या में वाहनों खासकर ट्रकों का रात दिन आवागमन रहता है। वहीं दोनों हाईवे व मुगलरोड किनारे स्थित होटल ढाबों के सामने वाहनों की अवैध पार्किंग किए जाने से अक्सर दुर्घटनाएं होती है।
इसपर नियंत्रण नहीं होने से जिला दुर्घटना जोन बना है। यहां सड़क हादसों में औसत हर दिन एक की मौत व दो लोग घायल होते हैं। जबकि सर्दी में कोहरे के दौरान सड़क हादसों की संख्या में इजाफा हो जाता है। रविवार को एसपी श्रद्धा नरेंद्र पांडेय ने पुलिस लाइन सभा कक्ष में क्षेत्राधिकारियों के अलावा डायल-112 के प्रभारी व सभी थानों में गठित क्रिटिकल कॉरिडोर टीम (सीसी टीम) के सदस्यों के साथ बैठक कर कोहरे में हादसों पर नियंत्रण व जिले को दुर्घटना शून्य बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करने का निर्देश दिए। इसके साथ ही सड़क सुरक्षा की वर्तमान स्थिति का विश्लेषण करने, दुर्घटना बहुल्य मार्गों (क्रिटिकल कॉरिडोर्स)व ब्लैक स्पॉट की पहचान करने के साथ दुर्घटनाओं को रोकने के लिए एक कारगर रणनीति तैयार करने की बात कही। साथ ही सीसी टीमों को अपने-अपने क्षेत्रों में दुर्घटना बाहुल्य स्थलों की नियमित निगरानी करने व यातायात नियमों के उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने, हादसों से बचाव के लिए जागरूकता अभियान चलाने का निर्देश दिया। इस मौके पर सीओ यातायात राजीव सिरोही, सीओ भोगनीपुर संजय वर्मा व सीओ रसूलाबाद आलोक कुमार भी मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




