Kanpur News: खेलते समय गर्म कढ़ी में गिरी मासूम की गई जान
Kanpur News: कानपुर देहात के कमलपुर गांव में गुरुवार सुबह खाना बनाते समय दो वर्षीय अवनी गर्म कढ़ी के भगौने में गिरकर गंभीर रूप से झुलस गई। परिजन उसे मेडिकल कॉलेज अकबरपुर ले गए, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। परिजनों ने आईसीयू में भर्ती न करने का आरोप लगाकर हंगामा किया। कॉलेज प्रशासन ने मामले की जांच कराने की बात कही है।

Kanpur News: कानपुर देहात, संवाददाता। राजपुर थाना क्षेत्र के कमलपुर गांव में गुरूवार सुबह मां के पास किचन में मौजूद दो साल की मासूम बच्ची भगौने में गर्म कढ़ी में गिर गई। उसको आनन-फानन में परिजन उपचार के लिए मेडिकल कालेज लाए। यहां उपचार के दौरान बच्ची की मौत हो गई। परिजनों ने मेडिकल कॉलेज कर्मियों पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा किया। डॉक्टरों के समझाने के बाद परिजन बच्ची का शव लेकर वापस गांव लौट गए। कमलपुर गांव के रहने वाले शिवपाल की पत्नी शिखा गुरवार सुबह घर में खाना बना रही थी। उसक पास में ही दो साल की अवनी उर्फ मन्नो खेल रही थी।
खेलते समय मासूम अवनी गर्म कढ़ी में गिर गई। इससे वह गंभीर रूप से झुलस गई। आनन-फानन में परिजन उसको गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज अकबरपुर लाए। यहां इमरजेंसी ड्यूटी पर मौजूद डॉ. विमलेश मौर्य ने उसको भर्ती कर उपचार किया। परिजनों का आरोप है कि डॉक्टर के कहने के बाद भी उसको आईसीयू में भर्ती नहीं किए जाने से डेढ़ घंटे बाद उसने तड़पकर दम तोड़ दिया। इससे उत्तेजित परिजनों ने लापरवाही का आरोप लगाकर हंगामा किया। बवाल देख पहुंचे सीएमएस और डॉक्टरों ने परिजनों को समझाकर शांत कराया। इसके बाद परिजन शव लेकर गांव लौट गए। मेडिकल कॉलज के प्राचार्य डॉ. अंबरीष गुप्ता ने बताया कि प्रकरण उनके संज्ञान में नहीं है। मामले में छानबीन कराने के बाद कार्रवाई होगी।

