Kanpur News: देर रात तक अफसरों ने की रामलीला समिति की पंचायत
Kanpur News: अकबरपुर में रामलीला समिति के गठन को लेकर विवाद बढ़ गया है। 15 सदस्यीय समिति के एक गुट ने बैठक आयोजित करते समय दूसरे गुट ने ताला डाल दिया। प्रशासन ने दोनों पक्षों को बुलाकर रात भर सहमति बनाने की कोशिश की। अंततः पदाधिकारी चयन प्रक्रिया शुरू करने पर सहमति बनी है।

Kanpur News: कानपुर देहात ,संवाददाता। अकबरपुर की ऐतिहासिक रामलीला में इस बार समिति गठन को लेकर विवाद चरम पर है। 15 सदस्यीय समिति के बहुमत वाले गुट के बैठक के लिए जनकपुरी मैदान पहुंचने पर दूसरे गुट ने ताला डाल दिया। इसके बाद विवाद की आशंका पर एसडीएम और सीओ मौके पर पहुंचे दोनों पक्षो को अकबरपुर तहसील बुलाया। देर रात तक अफसर सहमति बनाने में जुटे हैं। अकबरपुर की रामलीला समिति के चुनाव में तीन चुनाव अधिकारियों ने 15 सदस्यीय समिति का चयन किया था। इसके बाद पदाधिकारियों के चयन के पहले एक चुनाव अधिकारी और पांच सदस्यों ने त्यागपत्र दे दिया।
वहीं दूसरी ओर दो चुनाव अधिकारियों और दस सदस्यों ने बहुमत के आधार पर नई समिति के गठन की घोषणा की थी। इसको लेकर ये लोग जनकपुरी मैदान पहुंचे तो इस्तीफा दे चुके गुट के लोगों ने जनकपुरी मैदान के गेट पर ताला डाल दिया। इससे दूसरे पक्ष के समर्थन में सैकड़ो लोग जनकपुरी पहुंच गए। मामले की जानकारी पर एसडीएम राजकुमार पांडेय,सीओ संजय सिंह मौके पर पहुंचे। इसके बाद दोनों पक्षों को तहसील सभागार बुलाया गया। यहां रात 11 बजे तक पंचायत चल रही थी। इस्तीफा दे चुके गुट के तीन नामो को हटाने और बहुमत का दावा कर रहे गुट के दो सदस्यों को बदले जाने के बाद दोनों पक्षों में सहमति बनने की बात कही गई। अब इसके बाद पदाधिकारी चयन की प्रक्रिया शुरू करने की बात कही जा रही है।


