Kanpur News: अकबरपुर में नारद मोह व झींझक में श्री राम जन्म की हुई लीला
Kanpur News: कानपुर देहात में दशहरा रामलीलाओं के दौरान अकबरपुर में शिव-पार्वती संवाद और नारद मोह लीला का मंचन हुआ, जिसे देखकर दर्शक खूब हंसे। झींझक में श्रीराम जन्म की लीला के दौरान पंडाल जयकारों से गूंज उठा। सिकंदरा में शुक्रवार को शिव बारात के साथ रामलीला का शुभारंभ होगा।

Kanpur News: कानपुर देहात, संवाददाता। जनपद में दशहरा रामलीलाओं के क्रम में गुरूवार को अकबरपुर में नारद मोह लीला का मंचन हुआ। नारद की व्याकुलता देख दर्शक हंसी से लोट पोट हुए। जबकि झींझक में श्री रामजन्म की लीला के मचन क ेदौरान जयकारों से पांडाल गूंज उठा। सिकंदरा में शुक्रवार को शिव बारात के साथ दशहरा रामलीला का शुभारंभ होगा। अकबरपुर के अयोध्यापुरी मैदान में शुरू हुई दशहरा रामलीला के क्रम में गुरूवार रात में शिव-पार्वती संवाद व नारद मोह लीला का मंचन हुआ। तपस्या के बल पर कामदेव पर विजय प्राप्त करने वाले नारद मुनि को कामजयी होने का अहंकार हो गया।
इस पर भगवान श्री विष्णु की इच्छा से उत्पन्न मायाकृत राजकुमारी का स्वयंवर देख नारद सम्मोहित हो गए। उन्होंने भगवान विष्णु के पास पहुंचकर जेहि विधि होय नाथ हित मोरा करहु सो बेग दास मैं तोरा कहते हुए उनका स्वरूप मांगा। इस पर भगवान विष्णु ने जेहि विधि होइहि परम हित नारद सुनहंु तुम्हार, सोई मै करब न आन कछु बचन न मृषा हमार कहते हुए उनको बंदर का रूप प्रदान कर दिया। इसके बाद नारद फिर स्वयंबर में पहुंचते हैं, वहां राजकुमारी उनकी ओर मुखातिब तक नहीं होती। बार-बार मुनि उकसहिं अकुलाहीं, देख दसा हर गन मुसकाहीं चौपाई ब्यास जी के बोलने के साथ नारद की व्याकुलता का मंचन हुआ। बाद में भगवान विष्णु राजकुमारी का वरण कर लेते हैं। इस पर क्रोधित होकर नारद शिवगणों के साथ ही भगवान विष्णु को भी श्राप देते हैं। तब प्रभु माया दूर निवारी, नहि तंह रमा न राज कुमारी चौपाई के बाद नारद भगवान विष्णु से क्षमा याचना करते हैं। इसके बाद जयकारों से पंडाल गूंज उठा। इधर झींझक में चल रही रामलीला के मंचन ब्यास जी के एकबार भूपति मन माहीं,भै गलानि हमरे सुत नाही चौपाई बोलने के बाद राजा दशरथ गुरु वशिष्ठ के यहां जाते हैं। पुत्र कामार्थ हुए यज्ञ में अग्निदेव प्रगट होकर खीर का प्रसाद देते हैं। लीला में श्री राम जन्म के मंचन के दौरान जयकारों से पंडाल गूंज उठा। सिकंदरा में शुक्रवार से दशहरा रामलीला का शुभारंभ होगा। पहले दिन धूमधाम के साथ शिव बारात निकाली जाएगी।


