गैस सिलेंडरों का संकट नहीं, कालाबाजारी की तो सख्त कार्रवाई
Kanpur News - कानपुर प्रशासन ने गैस आपूर्ति संकट के बीच कालाबाजारी करने वालों पर सख्त कार्रवाई करने की चेतावनी दी है। डीएम ने बताया कि जिले में गैस सिलेंडरों की कोई कमी नहीं है और सभी उपभोक्ताओं को नियमित रूप से सिलेंडर मिल रहे हैं। प्रशासन ने घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी पर कड़ी निगरानी रखने का आदेश दिया है।

कानपुर, प्रमुख संवाददाता। गैस आपूर्ति संकट के बीच प्रशासन ने कालाबाजारी करने वालों पर सख्त कार्रवाई करने की चेतावनी दी है। प्रशासन के मुताबिक जिले में किसी भी तरह से गैस सिलेंडरों का संकट नहीं है। डीएम ने मंगलवार को गैस कंपनियों के अफसरों के साथ बैठक की। बैठक में गैस कंपनियों के प्रतिनिधियों ने डीएम को बताया कि जिले में एलपीजी के कुल 11,44,075 सक्रिय उपभोक्ता हैं, जिनमें आईओसीएल के 7,15,814, बीपीसीएल के 2,21,252 और एचपीसीएल के 2,07,009 उपभोक्ता शामिल हैं। सभी उपभोक्ताओं को नियमित रूप से गैस सिलेंडरों की आपूर्ति की जा रही है और वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि घरेलू गैस सिलेंडरों की कालाबाजारी पर कड़ी निगरानी रखी जाए। यदि कोई व्यक्ति घरेलू सिलेंडरों की ब्लैक मार्केटिंग करते हुए पाया जाए तो उसके विरुद्ध सुसंगत धाराओं में सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करें। रसोई गैस सिलेंडरों की कोई कमी नहीं है। इसलिए शहरवासी अफवाहों पर ध्यान न दें। पेट्रोलियम कंपनियों के प्रतिनिधियों ने बताया कि जिलों में कुल 319 पेट्रोल पंप संचालित हैं, जहां पेट्रोल और डीजल की आपूर्ति सुचारू रूप से जारी है। सभी पेट्रोल पंपों पर ईंधन का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और कहीं भी कमी की स्थिति नहीं है। बैठक में एडीएम (सिविल सप्लाई) राजेश कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी राकेश कुमार सिंह समेत पेट्रोलियम कंपनियों आईओसीएल, बीपीसीएल और एचपीसीएल के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


