गेहूं खरीद में दुर्व्यवहार पर सख्त कार्रवाई होगी : डीएम
Kanpur News - कानपुर में, प्रशासन ने गेहूं खरीद व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के लिए सख्त निर्देश दिए हैं। जिलाधिकारी ने सभी क्रय केंद्रों पर किसानों की सुविधा को प्राथमिकता देने का आदेश दिया। उन्होंने कहा कि खरीद प्रक्रिया बिचौलिया मुक्त होनी चाहिए और छोटे किसानों को प्राथमिकता दी जाएगी। अव्यवस्था पर सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया गया।

कानपुर। प्रमुख संवाददाता। जिले में गेहूं खरीद व्यवस्था को पारदर्शी बनाने के लिए प्रशासन अलर्ट मोड में है। जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने सरसैयाघाट स्थित नवीन सभागार में समीक्षा बैठक कर अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि क्रय केंद्रों पर किसानों की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता रहे। कहाकि सभी 63 गेहूं क्रय केंद्रों पर किसानों के बैठने के लिए छायादार स्थल, स्वच्छ पेयजल और अन्य मूलभूत व्यवस्थाएं अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराएं। किसी भी केंद्र पर अव्यवस्था या लापरवाही मिलने पर संबंधित के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। जनपद में इस वर्ष गेहूं की खरीद 2585 रुपये प्रति क्विंटल के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) पर की जा रही है।
डीएम ने निर्देश दिए कि खरीद प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और बिचौलिया मुक्त होनी चाहिए, ताकि किसानों को उनकी उपज का पूरा लाभ मिल सके।बैठक में यह भी तय किया गया कि छोटे और सीमांत किसानों को प्राथमिकता दी जाएगी, जिससे उन्हें लंबी प्रतीक्षा न करनी पड़े। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि किसानों के साथ सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित करें और किसी भी प्रकार के दुर्व्यवहार पर सख्त कार्रवाई होगी।डीएम ने क्रय केंद्र प्रभारियों को निर्देश दिया कि वे केंद्रों पर नियमित रूप से मौजूद रहें। यदि किसी कारणवश केंद्र छोड़ना पड़े तो मूवमेंट रजिस्टर में प्रविष्टि अनिवार्य रूप से दर्ज करें। उन्होंने साफ किया कि वे स्वयं भी क्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण करेंगे और कहीं भी गड़बड़ी मिलने पर जिम्मेदारों को बख्शा नहीं जाएगा। बैठक में एडीएम आपूर्ति, डिप्टी आरएमओ, एआर कोऑपरेटिव समेत विभिन्न क्रय एजेंसियों के जिला प्रबंधक और केंद्र प्रभारी मौजूद रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


