Kanpur News: फसलों का निरीक्षण कर बताई आधुनिक तकनीकी
Kanpur News: जनपद में किसानों की आय में वृद्धि तथा आधुनिक कृषि तकनीकों के व्यापक प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से उप कृषि निदेशक,हरिशंकर भार्गव ने विकास खंड मलासा के ग

Kanpur News: कानपुर देहात,संवाददाता। जनपद में किसानों की आय में वृद्धि तथा आधुनिक कृषि तकनीकों के व्यापक प्रचार-प्रसार के उद्देश्य से उप कृषि निदेशक,हरिशंकर भार्गव ने विकास खंड मलासा के ग्राम कैलई, किशोरपुर गांवों में विभाग की संचालित योजनाओं के अंतर्गत लगाए गए फसल प्रदर्शनों का आकस्मिक निरीक्षण करने के साथ आुधनिक तकनीकी भी बताई। निरीक्षण के दौरान उप कृषि निदेशक ने विभागीय योजनाओं के तहत कृषकों को उपलब्ध कराए गए नि:शुल्क बीज मिनीकिट व उन्नत बीजों से उगाई जा रही धान एवं अन्य खरीफ फसलों की वानस्पतिक वृद्धि तथा फसल के स्वास्थ्य का खेतों में पहुंचकर निरीक्षण किया। उन्होंने किसानों के परिश्रम की सराहना की तथा वैज्ञानिकों द्वारा अनुशंसित उन्नत कृषि तकनीकों व सस्य क्रियाओं को अपनाने की अपील की।
उन्होंने किसानों से संवाद स्थापित करते हुए वर्तमान मौसम में फसलों को प्रभावित करने वाले कीट और रोगों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। धान की फसल में तना छेदक, पत्ती लपेटक, झुलसा व खैरा रोग के प्रकोप की संभावना बनी रहती है। ऐसे में किसानों को अपने खेतों की नियमित निगरानी करनी चाहिए तथा प्रारंभिक लक्षण दिखाई देने पर कृषि वैज्ञानिकों द्वारा संस्तुत रसायनों व जैविक कीटनाशकों का संतुलित उपयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि संतुलित पोषण प्रबंधन से फसल उत्पादन बढ़ाने के साथ-साथ भूमि की उर्वरता भी संरक्षित रहती है। निरीक्षण के दौरान क्षेत्रीय कृषि प्रसार अधिकारी, प्राविधिक सहायक व बड़ी संख्या में प्रगतिशील कृषक उपस्थित रहे।


