Kanpur News: हनुमंत विहार में तार जोड़ते वक्त इलेक्ट्रिशन को लगा करंट, नीचे गिरने से मौत
Kanpur News: हनुमंत विहार में बिजली के पोल पर चढ़कर तार जोड़ते वक्त प्राइवेट इलेक्ट्रिशियन को करंट लग गया।

Kanpur News: कानपुर। हनुमंत विहार में बिजली के पोल पर चढ़कर तार जोड़ते वक्त प्राइवेट इलेक्ट्रिशियन को करंट लग गया। इस दौरान सीढ़ी का एक डंडा टूटने से नीचे गिरकर उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मच गया। आनंद विहार निवासी 47 वर्षीय अशोक कुमार इलेक्ट्रिशियन थे। परिवार में पत्नी श्यामा देवी, बेटा कृष्णा और बेटी प्रिया व प्राची हैं। परिजन के अनुसार, बुधवार दोपहर इलाके में रहने वाला एक व्यक्ति उन्हें बिजली ठीक करने की बात कहकर ले गया था। आरोप है कि इस दौरान उसने बिजली के पोल पर चढ़कर तार जोड़ने के लिए कहा तो उन्होंने मना कर दिया।
हालांकि, कुछ देर बातचीत के बाद वह राजी हो गए। इस दौरान उन्हें टूटी हुई सीढ़ी दे दी गई। बिजली के पोल में तार जोड़ते वक्त उन्हें झटका लिया। इस दौरान सीढ़ी वह जिस डंडे पर खड़े थे, वह टूट गया, जिससे वह करीब 15 फिट ऊपर से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।परिजन ने उन्हें हैलट अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। हनुमंत विहार थाना प्रभारी ने बताया कि करंट लगने से उनकी मौत हो गई।


