
आईआईटी के मंच से बढ़ेगा नवाचार, स्टार्टअप व युवा उद्यमिता
Kanpur News - आईआईटी कानपुर द्वारा आयोजित तीन दिवसीय ई-समिट-25 का समापन हुआ, जिसमें देशभर से स्टार्टअप संस्थापक, निवेशक और युवा उद्यमियों ने भाग लिया। कार्यक्रम में विभिन्न विषयों पर चर्चा की गई और प्रतिभागियों ने अपने उद्यमी कौशल का प्रदर्शन किया। आईआईटी कानपुर नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है।
कानपुर। प्रमुख संवाददाता आईआईटी कानपुर की ओर से नवाचार, स्टार्टअप संस्कृति और युवा उद्यमिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एंटरप्रेन्योरशिप सेल की ओर से आयोजित तीन दिवसीय ई-समिट-25 का बुधवार को समापन हुआ। जिसमें देश भर से स्टार्टअप संस्थापक, निवेशक, उद्योग विशेषज्ञ और युवा उद्यमियों ने हिस्सा लिया। उन्होंने चुनौतियों का सामना कर नए अवसरों के सृजन की अपनी सोच को भी साझा किया। ई-समिट का शुभारंभ पीएफआरडीए की डिप्टी जनरल मैनेजर पूजा उपाध्याय और आईआईटी कानपुर के निदेशक प्रो. मणींद्र अग्रवाल ने किया। कार्यक्रम में डीप टेक, आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस और डिजिटल प्लेटफॉर्म जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर मंथन हुआ। एमबीए चायवाला के नाम से प्रसिद्ध प्रफुल्ल बिल्लोरे ने अपने संघर्ष और सफलता की कहानी को साझा किया।
क्रिएटर्स कॉन्क्लेव में कंटेंट क्रिएशन और डिजिटल ब्रांडिंग के उभरते आयामों पर मंथन हुआ। प्रतियोगिताओं के फिनाले में प्रतिभागियों ने अपनी रणनीतिक सोच और उद्यमी कौशल का प्रदर्शन किया। विभिन्न क्षेत्रों के स्टार्टअप्स ने प्रदर्शनी में अपने उत्पादों और तकनीकी का प्रदर्शन किया। छात्रों, निवेशकों और उद्योग प्रतिनिधियों ने इन स्टार्टअप्स के फाउंडर से संवाद कर व्यावसायिक मॉडलों को समझा। अपस्टार्ट फिनाले में देश-विदेश के वेंचर कैपिटलिस्ट्स और एंजेल इंवेस्टर्स ने स्टार्टअप्स के विचारों का मूल्यांकन किया। संस्थान के निदेशक प्रो. मणींद्र अग्रवाल ने कहा कि आईआईटी कानपुर नवाचार और उद्यमिता को लगातार बढ़ावा दे रहा है। एंटरप्रेन्योरशिप सेल के फैकल्टी एडवाइजर प्रो. अंकुश शर्मा और एसआईआईसी के प्रोफेसर-इन-चार्ज प्रो. दीपू फिलिप ने छात्र-नेतृत्व वाली पहल और स्टार्टअप इंक्यूबेशन की आवश्यकता पर जोर दिया। कार्यक्रम में पीएफआरडीए हैकाथॉन की भी घोषणा की गई।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




