अकादमिक शोध व नवाचार को सीएसआर की मदद से देगा बढ़ावा
Kanpur News - आईआईटी कानपुर अब अकादमिक शोध और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए निजी कंपनियों से मदद लेगा। संस्थान हेल्थकेयर, शिक्षा और रक्षा क्षेत्रों में सतत विकास के लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए सीएसआर फंड का उपयोग करेगा। इसके लिए 31 मार्च तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। कई कंपनियों के साथ साझेदारी की योजना बनाई गई है।

कानपुर। आईआईटी कानपुर अब अकादमिक शोध और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए सरकार के साथ निजी कंपनियों की भी मदद लेगा। संस्थान में हेल्थकेयर, शिक्षा, रक्षा और अन्य क्षेत्रों में सतत विकास के लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए नवाचार और अनुसंधान कार्यों में सरकार से मिलने वाले फंड पर निर्भरता को कम करने की तैयारी है। इसके लिए कॉर्पोरेट सोशल रिस्पान्सिबिलिटी (सीएसआर) फंड का प्रयोग किया जाएगा। सीएसआर फंड जुटाने के लिए आईआईटी की ओर से 31 मार्च तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। जिससे समाज के सामने आने वाली बुनियादी चुनौतियों का समाधान किया जा सके। आईआईटी ने अब नवाचार व अनुसंधान के लिए ऐसी कंपनियों के साथ साझेदारी की योजना बनाई है जो अपने विशेष दृष्टिकोण को उच्च-प्रभाव और विस्तार योग्य परिणामों में बदलना चाहती हैं।
निजी कंपनियों के लिए संस्थान के विभिन्न विभागों ने ऐसे कार्यक्रमों की रूपरेखा भी तैयार की है, जो राष्ट्रीय विकास प्राथमिकताओं और संयुक्त राष्ट्र के सतत विकास लक्ष्यों (एसडीजी) के अनुरूप हैं। इनमें संकाय विशेषज्ञों की विशेषज्ञता और छात्रों की प्रतिभा का विशेष योगदान है। आईआईटी से जुड़े अधिकारियों के अनुसार इस तरह के प्रोजेक्ट को लेकर संस्थान की टीम की ओर से देश और विदेश के प्रमुख व्यवसाय घरानों से संपर्क किया जा रहा है। इस रिपोर्ट में संस्थान के उन अनुसंधान कार्यों को शामिल किया गया है, जिनसे विशिष्ट पहचान मिली है। इसमें आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (एआई), क्वांटम तकनीक, साइबर सुरक्षा, सेमीकंडक्टर्स, एआई-आधारित पीएम शिकायत पोर्टल, स्वदेशी यूएवी (ड्रोन) और सस्ती मेडिकल तकनीक शामिल हैं। साथ ही, स्टार्टअप इकोसिस्टम में एसआईआईसी के माध्यम से 210 से अधिक स्टार्टअप और नवाचारों को बढ़ावा दिया गया है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


