आईआईटी के भू-परीक्षक को मिला एसटीईएम इंपैक्ट अवार्ड
Kanpur News - कानपुर। वरिष्ठ संवाददाता आईआईटी कानपुर के भू-परीक्षक को एसटीईएम इंपैक्ट अवार्ड 2022 से सम्मानित...

कानपुर। वरिष्ठ संवाददाता
आईआईटी कानपुर के भू-परीक्षक को एसटीईएम इंपैक्ट अवार्ड 2022 से सम्मानित किया गया है। यह अवार्ड सोसाइटी फॉर टेक्नोलॉजी मैनेजमेंट (एसटीईएम) के वार्षिक शिखर सम्मेलन के दौरान दिया गया। इंडिया हैबिटेट सेंटर, नई दिल्ली में आयोजित एक पुरस्कार समारोह में संस्थान की ओर से रिसर्च इस्टेबलिशमेंट ऑफिसर (इनोवेशन एंड इनक्यूबेशन) रवि पांडेय ने पुरस्कार प्राप्त किया।
आईआईटी के केमिकल इंजीनियरिंग विभाग के प्रो. जयंत कुमार सिंह और उनकी टीम ने यह आविष्कार किया है, जो सिर्फ 90 सेकेंड में मिट्टी के स्वास्थ्य का पता लगा सकता है। यह केवल 5 ग्राम सूखी मिट्टी के नमूने के उपयोग से मिट्टी के छह महत्वपूर्ण मापदंड नाइट्रोजन, फास्फोरस, पोटेशियम, कार्बनिक कार्बन, मिट्टी की सामग्री और कटियन आयन विनिमय क्षमता की रिपोर्ट दे सकता है। इसके साथ मृदा स्वास्थ्य रिपोर्ट भी तैयार कर देगा। इसे विशिष्ट आईडी के साथ भू-परीक्षक मोबाइल एप्लीकेशन पर आसानी से देखा जा सकता है। यह न केवल किसानों के समय और परेशानी को कम करता है बल्कि उन्हें हाथों हाथ अधिक सटीक जानकारी भी प्रदान करता है। आईआईटी के निदेशक प्रो. अभय करंदीकर ने टीम को बधाई दी है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



