गंगा बैराज गए मेडिकल छात्रों को वाहन ने मारी टक्कर
Kanpur News - जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के छात्रों को गंगा बैराज में अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी। घायल छात्रा की हालत गंभीर है और छात्र का इलाज हैलट में चल रहा है। उप प्राचार्य ने हॉस्टल में आवाजाही पर नए नियम लागू किए हैं।

कानपुर, प्रमुख संवाददाता। जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के मेडिकल छात्रों को मंगलवार देर रात गंगा बैराज में अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। छात्रा के साथ आधी रात बाइक से बैराज घूमने गए छात्र का इलाज हैलट में किया जा रहा है। बताया गया कि नागालैंड की रहने वाली छात्रा की हालत गंभीर है। हिट एंड रन के मामले की सूचना कॉलेज प्रबंधन ने पुलिस को दी है। जानकारी के अनुसार, एटा का निखिल सिद्धार्थ पैरा ओ टू में इंटर्नशिप कर रहा है, फिलहाल इंटर्नशिप पूरी होने वाली है। वह बीएचफोर हॉस्टल में रहता है। वहीं नागालैंड की शाइन मू एमबीबीएस थर्ड ईयर की छात्रा है। वह आर्यनगर में किराए का कमरा लेकर रहती है। बताया गया कि दोनों मंगलवार देर रात बाइक से गंगा बैराज घूमने गए थे। वहां अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। इसके बाद दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया गया कि निखिल और शाईन काफी देर तक वहीं पड़े रहे। सूचना पर उप प्राचार्य डॉ. ऋचा गिरि, डॉ. यशवंत राव के साथ मेडिकल कॉलेज के कई वरिष्ठ प्रोफेसर मौके पर पहुंचे。
दोस्तों को कॉल करके दी हादसे की खबर :
बताया गया कि घायल होने के बाद निखिल ने अपने बैच के साथियों को कॉल करके सूचना दी। इसके बाद ईएमओ डॉ. आशीष श्रीवास्तव ने वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना भेजकर गंगा बैराज एंबुलेंस भेजी। दोनों को घायल अवस्था में हैलट लाया गया। बताया कि शाईन के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। उसकी हालत बेहद खराब है। आईसीयू में रखकर उसका इलाज किया जा रहा है।
हॉस्टल में बेरोक-टोक आवाजाही पर लगाम :
उप प्राचार्य डॉ ऋचा गिरि ने गंगा बैराज में देर रात मेडिकल छात्रों के घूमने के मामले को गंभीरता से लिया। बुधवार को हॉस्टल के वार्डन, प्राक्टर के साथ बैठक की। तय हुआ कि अब गर्ल्स हॉस्टल में रात नौ बजे के बाद कोई भी छात्रा बाहर नहीं जा सकेगी। वहीं ब्वॉयज हॉस्टल में रात दस बजे के बाद आवाजाही पर रोक रहेगी। वहीं बॉयोमीट्रिक हाजिरी की व्यवस्था शुरू होगी। इसके पूरी जवाबदेही हॉस्टल प्रभारी पर होगी।
कोट-
मंगलवार देर रात मेडिकल छात्र व छात्रा बाइक से गंगा बैराज गए थे। दोनों को अज्ञात वाहन ने पीछे से टक्कर मार दी। छात्रा की बेहद हालत खराब है। पुलिस को सूचना देते हुए सीसीटीवी की जांच करने का आग्रह किया गया है। वहीं देर रात तक छात्रों के बाहर घूमने को घोर लापरवाही माना गया है। इस पर हॉस्टल में आवाजाही का समय तय किया गया है।
-डॉ. ऋचा गिरि, उप प्राचार्य, जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज
सामान्य प्रश्न
कृपया अपने अनुभव को रेट करें
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


