नौबस्ता तक हुआ कानपुर मेट्रो ट्रेन का हाई स्पीड ट्रायल
Kanpur News - कानपुर, प्रमुख संवाददाता। कानपुर मेट्रो कॉरिडोर-1 के कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता सेक्शन पर शनिवार देर रात 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार पर हाईस्पीड टेस्ट हुआ। मेट्रो ट्रेन को सुरक्षा मानकों के तहत चलाकर परखा गया। कॉरिडोर-1 में सात नए स्टेशन यात्री सेवा के लिए खोले जाएंगे।

कानपुर, प्रमुख संवाददाता। कानपुर मेट्रो कॉरिडोर-1 के कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता सेक्शन पर शनिवार देर रात 80 किमी प्रति घंटे की रफ्तार पर हाईस्पीड टेस्ट हुआ। अप और डाउन लाइनों पर ऑटोमेटिक ट्रेन प्रोटेक्शन मोड (एटीपी मोड) पर दोनों लाइनों पर मेट्रो को चलाकर परखा गया। अभी कॉरिडोर-1 में आईआईटी से कानपुर सेंट्रल तक करीब 16 किमी में मेट्रो चल रही है। सेंट्रल से नौबस्ता तक बाकी 8 किमी सेक्शन पर यात्री सेवा शुरू होते ही कॉरिडोर-1 का निर्माण पूरा हो जाएगा। इसमें सात नए स्टेशन यात्रियों के लिए खोल दिए जाएंगे, जिनमें दो अंडरग्राउंड स्टेशन (झकरकटी और ट्रांसपोर्ट नगर) तथा पांच एलिवेटेड स्टेशन (बारादेवी, किदवई नगर, वसंत विहार, बौद्ध नगर और नौबस्ता) शामिल हैं। 80 किमी प्रति घंटा की गति से दौड़ी मेट्रो ट्रेन
हाईस्पीड टेस्ट का उद्देश्य
मेट्रो ट्रेन को 80 किमी प्रति घंटा की गति से चलाकर सुरक्षा मानकों का परीक्षण किया गया। यात्री सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह टेस्टिंग प्रक्रिया नव-निर्मित सेक्शन की तकनीकी जांच का अहम हिस्सा रही। इस दौरान ‘स्पीड ब्रेक टेस्ट’ भी किया गया, जिसमें ट्रेन को अधिकतम गति से चलाकर ब्रेकिंग सिस्टम की कार्यक्षमता परखी गई। परीक्षण के समय सिग्नलिंग विभाग के अपर महाप्रबंधक दीपक पांडेय समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता तक अप-लाइन पर ट्रैक, थर्ड रेल सिस्टम, सिग्नलिंग के काम पूरे होने के बाद से मेट्रो ट्रेन के टेस्ट रन की प्रक्रिया चल रही है। प्रारंभिक चरण में ट्रेन को मैनुअल मोड में पांच किमी प्रति घंटा की लो-स्पीड पर चलाकर टेस्ट किया गया था। अब दोनों लाइनों पर हाई-स्पीड टेस्ट किया गया।
टेस्टिंग प्रक्रिया का महत्व
यूपीएमआरसी के एमडी सुशील कुमार ने कहा कि मेट्रो ट्रेनों का हाईस्पीड टेस्ट किया गया, जिसमें ट्रेनों को उनकी अधिकतम गति पर दोनों लाइनों में कानपुर सेंट्रल से नौबस्ता तक चलाया गया। सभी प्रकार के टेस्ट से जुड़े परिणामों का विश्लेषण इंडिपेंडेंट सेफ्टी असेसमेंट भी कराया जा रहा है। सीएमआरएस टीम के निरीक्षण के बाद कॉमर्शियल रन शुरू होगा।
अक्सर पूछे जाने वाले प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


