Kanpur News: बदली, बूंदाबांदी ने गिराया पारा गिरा, गर्मी से मिली राहत
Kanpur News: कानपुर और आसपास के जनपदों में मध्यम से भारी बारिश हो रही है, जिससे दिन का तापमान गिरकर 30.4 डिग्री सेल्सियस हो गया है। मौसम विज्ञान विभाग ने 22 जुलाई तक ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि 25 जुलाई तक बारिश की संभावना है। उमस के कारण घरों के अंदर असहजता महसूस हो रही है।

Kanpur News: कानपुर। मानसून सक्रिय हुआ तो प्रदेश के कई जनपदों में मध्यम से भारी बारिश हुई। इसके परिणाम स्वरूप कई जनपदों में दिन का पारा 30 डिग्री के नीचे चला गया। लेकिन, कम दबाव से दूर वाले जनपदों में घने बादल तो रहे लेकिन बूंदाबांदी ही दिन भर होती रही। कानपुर में दिन का पारा 4.2 डिग्री गिरकर 30.4 डिग्री आ गया। मौसम विभाग के अनुसार, अभी बारिश जारी रहेगी। बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र और पश्चिमी विक्षोभ के मिले जुले असर से प्रदेश के पश्चिम से लेकर पूर्व तक के जनपदों में कहीं कम तो कहीं ज्यादा बारिश हुई। अयोध्या, बलिया, बांदा, बरेली, गोरखपुर, हमीरपुर, झांसी और सुल्तानपुर में अच्छी बारिश हुई लेकिन अन्य जनपदों में नाममात्र ही वर्षा हुई। कई जनपदों में रुक-रुक कर बूंदें गिरती रहीं。
मौसम में बदलाव
रात से ही मौसम बदल गया था। घने बादल थे लेकिन न गरजे न बरसे। धूप भी नहीं खिली। हल्की बूंदें ही पूरे शहर में रुक-रुक कर गिरती रहीं। इससे लोगों को न तो चलने में परेशानी हुई और न ही किसी तरह की बाधाओं का सामना करना पड़ा। हवा की रफ्तार 20 किमी प्रति घंटा तक रही। जो भी घरों के बाहर रहा उसे मौसम काफी सुहाना लगा।
उमस और गर्मी
इसके विपरीत घरों के अंदर उमस और घुटन का अहसास बना रहा। रविवार को अधिकतम तापमान 34.6 से गिरकर 30.4 डिग्री सेल्सियस हो गया। न्यूनतम तापमान 26.8 से 26.6 डिग्री सेल्सियस हो गया। नमी का अधिकतम प्रतिशत 88 और न्यूनतम 84 रहा। ऐसे में गर्मी से तो राहत रही लेकिन उमस बनी रही। विशेषकर बंद स्थानों पर लोगों को उमस का अधिक अहसास हुआ।
बारिश का अलर्ट
मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार 22 जुलाई तक प्रदेश में बारिश का ऑरेंज अलर्ट रहेगा। इसके बाद 25 जुलाई तक बारिश जारी रहेगी, जिसके लिए फिलहाल यलो अलर्ट जारी किया गया है। इस बीच नए मौसमी सिस्टम की संभावनाएं जताई जा रही हैं। लेकिन इसमें अभी समय लगेगा। हीट डोम के कुछ जनपदों में रविवार को बारिश हुई।
मानसून की ट्रफ लाइन
सीएसए कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञान विभाग के तकनीकी कृषि तकनीकी अधिकारी अजय मिश्रा का कहना है कि मानसून की ट्रफ लाइन हरदोई और वाराणसी से होकर गुजर रही है। शहर में छिटपुट बारिश होती रहेगी। 22 जुलाई को तेज बारिश हो सकती है। लेकिन 25 जुलाई तक मानसून की सक्रियता बनी रहेगी।
जुलाई अधिकतम न्यूनतम
10 32.0 24.4
11 33.5 24.6
12 35.0 27.2
13 36.5 27.6
14 37.4 28.2
15 37.1 27.4
16 36.6 27.4
17 36.0 23.8
18 34.6 26.8


