Kanpur News: फुहारों के बीच निकली भगवान श्री जगन्नाथ रथयात्रा
Kanpur News: कानपुर में भगवान श्री जगन्नाथ जी की भव्य रथयात्रा निकाली गई। भक्तों ने रथ को खींचा और भगवान के दर्शन किए। रथयात्रा में विभिन्न झांकियां और पारंपरिक वाद्य यंत्र शामिल थे। यात्रा का आयोजन श्री बाईजी मंदिर से शुरू हुआ और रथ विभिन्न मार्गों से होकर गुजरा।

Kanpur News: कानपुर। पुरी की तर्ज पर फुहारों के बीच भगवान श्री जगन्नाथ स्वामी जी की भव्य रथयात्रा गुरुवार को निकाली गई। भगवान श्री जगन्नाथ जी के साथ श्री बलराम जी व माता सुभद्रा जी रजत जड़ित रथ पर सवार कर निकलीं। रथ को भक्तों ने खींचा। हजारों भक्तों ने पूरी आस्था और विश्वास के साथ भगवान के दर्शन किए। दूसरी यात्रा शुक्रवार को बिरजी भगत मंदिर से निकाली जाएगी।
यात्रा का विवरण
प्रथम रथयात्रा में 18 से अधिक मंडलों व संस्थाओं की सहभागिता रही। भगवान के विविध स्वरूप की झांकियां, पारंपरिक वाद्य यन्त्र, ध्वज पताका, बैण्ड बाजा, बच्चों की मनमोहक झांकियां आदि रथयात्रा में शामिल थीं। यात्रा का समय इस बार शाम का रखा गया था। पुरी की रथयात्रा की तर्ज पर यह रथयात्रा निकाली जाती है। यात्रा का पुष्प की पंखुड़ियों की बारिश कर जगब-जगह स्वागत हुआ।
वैज्ञानिक प्रस्तुतियाँ
रथयात्रा में विभिन्न मण्डल कटोरी, तरसा, ढोलक, मंजीरा, नाल के माध्यम से प्रत्येक संस्थाओं के सैकड़ों सदस्यों ने वाद्य यंत्रों के माध्यम से प्रस्तुति दी। विभिन्न झांकियां श्री हनुमान जी, श्रीराम दरबार, श्री राधाकृष्ण जी, श्री श्यामबाबा, श्रीनाथ जी, कृष्ण बाल लीला एवं भगवान जगन्नाथ जी मां सुभद्रा जी की थीं।
यात्रा का मार्ग
रथयात्रा श्री बाईजी मंदिर जगन्नाथ जी की गली जनरलगंज से प्रारम्भ होकर काहू कोठी, नयागंज चौराहा, हूलागंज, भूसाटोली, सुनराही देवी रोड, मोती मोहाल, तेलियाना से नागेश्वर भगवान मंदिर, नयागंज किराना व सराफा बाजार, जनरलगंज, जनरलगंज बजाजा, मनीराम बगिया, गयाप्रसाद लेन, मूलगंज, टोपी बाजार, चौक सराफा, से होकर प्रयाग नारायण शिवाला के बाहर कुछ देर विश्राम करेगी।
आरती और भक्तों की सेवा
भगवान श्री जगन्नाथ जी का रथ सरसैया घाट जाएगा वहां भगवान की आरती पूजा के बाद रथ लौटकर रथयात्रा जगन्नाथ जी मंदिर में आकर जनरलगंज में सुबह पूर्ण विश्राम करेगी। श्री जगन्नाथ जी रथयात्रा प्रबन्धक समिति (बाईजी मन्दिर, प्रथम दिवस) के अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, उपाध्यक्ष श्री कृष्ण गुप्ता (बब्बू) के अलावा मन्दिर के सर्वराकार पंचमुखी हनुमान मन्दिर के महन्त जितेंद्र दास व महन्त श्री कृष्ण दास की उपस्थिति एवं नेतृत्व में आयोजन हुआ। मन्दिर के कोषाध्यक्ष निशान्त शर्मा, प्रचार मन्त्री शिवम ओमर आदि शामिल हुए। यात्रा में सांसद, विधायक व राजनीतिक दलों के पदाधिकारी भी बीच-बीच शामिल हुए। 26 जुलाई को दोपहर नानाराव पार्क फूलबाग में महाप्रभु श्री जगन्नाथ स्वामी जी का महाप्रसाद का आयोजन होगा।
विशेष आयोजन
मन्दिर श्री जगन्नाथ जी महाराज (बिरजी भगत) के 216 वें रथयात्रा महोत्सव में गुरुवार को आषाढ़ शुक्ल द्वितीया को भगवान श्री जगन्नाथ जी, बहन सुभद्रा जी और भ्राता श्री बलभद्र जी का राज अभिषेक किया गया। प्रातः घंटा घडि़याल से मंगला आरती व पूजन कर भक्तों के दर्शनार्थ भगवान के पट खोले गए। भगत प्रभु के दर्शन कर भोग में भीगी हुई मूंग व चने की आम, जामुन, मिश्री, पान मिष्ठान का प्रसाद अर्पित किया गया। भक्तों ने भगवान के जयकारे लगाए। दिव्य अलौकिक चन्दन से शृंगार किया गया व संध्या आरती एवं हवन पूजन कर भक्तों को पञ्चामृत का प्रसाद वितरित किया गया। यहां मंदिर प्रबन्धक ज्ञानेन्द्र गुप्ता, गोपाल गुप्त, अभिषेक गुप्त, अम्बरीष गुप्त, समीर, ज्ञानेन्द्र विश्नोई, पुष्कर, ऋषित आदि उपस्थित रहे। शुक्रवार को यहां से द्वितीय दिवस की यात्रा जगन्नाथ गली जनरलगंज से निकाली जाएगी।
समुदाय की भागीदारी
कल्याणपुर-बिठूर रोड स्थित बैकुंठपुर के श्री श्री जगन्नाथ मंदिर से भगवान श्री जगन्नाथ, श्री बलराम जी एवं देवी सुभद्रा जी की भव्य रथयात्रा भक्ति एवं उल्लास के साथ निकाली गई। हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान के रथ को रस्सियों से खींचकर पुण्य लाभ प्राप्त किया। संपूर्ण मार्ग जय जगन्नाथ के जयघोष, हरिनाम संकीर्तन एवं भजन-कीर्तन से गुंजायमान रहा। आषाढ़ मंदिर के राजारूपी प्रतिनिधि श्री श्याम सुंदर दास ने भगवान से रथारोहण की अनुमति प्राप्त करने के बाद स्वर्ण झाडू परंपरा का निर्वहन करते हुए रथ के आगे एवं चारों ओर मार्ग की सफाई की। नारियल फोड़कर रथयात्रा का शुभारंभ किया गया। यात्रा मार्ग में अनेक स्थानों पर श्रद्धालुओं ने भगवान के रथ पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। भक्तों के लिए शीतल जल, शरबत एवं जलपान की व्यवस्था की। उमस भरी गर्मी के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह पूरे मार्ग में देखने योग्य रहा। दुर्गा मंदिर (मौसी मां का घर) पहुंचने पर स्थानीय श्रद्धालुओं ने भगवान की भव्य आरती कर उनका स्वागत किया। यहां एसपी पटनायक, अनुग्रह श्रीवास्तव, आनंद प्रसाद पांडा, अजय गौर, अरुण कुमार कटियार, अनिल कुमार मिश्रा, अरुण नारायण द्विवेदी, अनिल कुमार बिष्टा, अनिल गुप्ता, विजय केतन पांडा, बिंदु सागर सेनापति आदि मौजूद रहे।


