Kanpur News: विद्यालय भवन निर्माण की मांग को लेकर जेन अल्फा का प्रदर्शन
Kanpur News: घाटमपुर में जेन-अल्फा ने प्राथमिक विद्यालय के नए भवन की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। छात्र जर्जर स्कूल से परेशान हैं, जहां एक बच्ची घायल हुई थी। प्रदर्शन के दौरान विद्यार्थियों ने विद्यालय के गेट पर नारेबाजी की। पिछले तीन साल से ग्रामीण इस मुद्दे को लेकर अधिकारियों के पास जा रहे थे लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।

Kanpur News: घाटमपुर। जेन जी के बाद अपनी मांगों के लिए जागरूक जेन-अल्फा ने पहली बार घाटमपुर में प्रदर्शन किया। यमुना तटवर्ती समूही भटपुरवा गांव में प्राथमिक विद्यालय के नए भवन की मांग को लेकर जेन अल्फा ने स्कूल के बाहर प्रदर्शन शुरू कर दिया। छात्र कई महीनों से दो कमरों में संचालित हो रहे विद्यालय से परेशान हैं। शनिवार को उन्होंने विद्यालय में प्रवेश करने से मना करते हुए विद्यालय के गेट पर नारेबाजी की। सालों से जर्जर इस स्कूल में समूही 2023 में जर्जर हिस्सा गिरने से एक बच्ची घायल हो गई थी। इसके कारण वर्ष 2023 में विभाग ने अनुमित के बाद जर्जर हिस्से को ढहाकर उसकी नीलामी की थी।
तब से स्कूल दो कमरों में संचालित है। वहीं, प्राथमिक विद्यालय में संचालित आंगनबाड़ी को एक घर में संचालित किया जा रहा है। विद्यालय में वर्तमान में कुल 122 छात्र अध्ययनरत हैं। प्रधानाध्यापक प्रियंका तिवारी के साथ दो सहायक अध्यापक और दो शिक्षामित्र तैनात हैं। ग्रामीणों ने बताया कि बीते तीन सालों से स्कूल निर्माण के लिए का अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों के चक्कर काट रहे हैं लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। इसी से नाराज बच्चों ने शनिवार को प्रदर्शन शुरू कर दिया। मामले में एबीएएसए दीपक अवस्थी ने बताया कि उन्होंने कल ही भीतरगांव खंड शिक्षा अधिकारी के पद पर ज्वाइन किया है। उनके पास घाटमपुर का अतिरिक्त प्रभार है। बताया कि वह मौके पर पहुंच रहे हैं। समस्या के समाधान के प्रयास किए जाएंगे ।


