ऑटो गैंग ने बुलेट खरीदने आए युवक से 2.70 लाख लूटे
Kanpur News - कानपुर में ऑटो सवार बदमाशों का गैंग सक्रिय है। बदमाशों ने एक युवक से 2.70 लाख रुपये, दो मोबाइल और कपड़े लूट लिए। युवक बुलेट खरीदने निकला था, लेकिन उसे बहाने से सुनसान जगह ले जाकर मारपीट की गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।

कानपुर, संवाददाता। शहर में सवारियों से लूटपाट करने वाला ऑटो सवार बदमाशों का गैंग सक्रिय है। ऑटो सवार बदमाश बुलेट खरीदने निकले युवक को शहरभर घुमाने के बाद बहाने से गंगा बैराज एनआरआई सिटी के पास सूनसान जगह ले गए। यहां बदमाशों ने मारपीट कर युवक से 2.70 लाख रुपये, दो मोबाइल और कपड़े लूट लिए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर बदमाशों की तलाश कर रही है। फतेहपुर के जहानाबाद खजुरिहा निवासी उमाकांत तिवारी साकेतनगर में रह रहे हैं। उमाकांत तिवारी के मुताबिक दो मार्च को वह 2.70 लाख रुपये नकद लेकर बुलेट खरीदने निकले थे। सबसे पहले सागर मार्केट में मोबाइल की मरम्मत कराई, फिर नवीन मार्केट से कपड़े खरीदे।
खरीदारी के बाद शाम को परेड चौराहे से एक ऑटो में बैठ गए, जिसमें पहले से दो युवक मौजूद थे। ऑटो में बैठा एक युवक बार-बार थूकने के बहाने कुछ हरकतें कर रहा था। शक होने पर वह बीच रास्ते उतर गया और पैदल चलने लगा। बड़ा चौराहा पहुंचने पर फिर से उसी ऑटो चालक ने बारादेवी व पराग डेयरी चलने की बात कही। उसमें पहले से सवार दो लोगों के बीच में बैठाने के बाद तेज आवाज में गाने बजाते हुए शहर के अलग-अलग इलाकों में घुमाता रहा। इसके बाद चालक ने गंगा बैराज से बिठूर की ओर जा रही सड़क के पास एनआरआई सिटी गेट नंबर दो के पास ऑटो रोकी, विरोध करने पर बदमाशों ने गाली-गलौज कर मारपीट की। बदमाश बैग में रखें 2.70 लाख रुपये, दो मोबाइल फोन व कपड़े लूट लिए। वारददात को अंजाम देने के बाद आरोपित धमकी देकर भाग निकले। नवाबगंज थाना प्रभारी केशव कुमार तिवारी ने बताया कि तहरीर पर अज्ञात आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटनास्थल के आस-पास समेत अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपितों की धरपकड़ के पुलिस टीम लगी है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


