Kanpur News: एलन मस्क की कंपनी बता कराया निवेश, पांच लाख की ठगी
Kanpur News: कानपुर के तिलक नगर निवासी अनुराग सिंह ने एलन मस्क की कंपनी बताकर पांच लाख रुपये की ठगी का शिकार बने। निवेश के लिए आकर्षक रिटर्न का झांसा देकर तीन अलग-अलग आईडी बनाकर पैसे भेजे गए। पिछले साल से आईडी बंद होने के बाद उन्होंने पुलिस में शिकायत की, जो अब साइबर सेल द्वारा जांच की जा रही है।

Kanpur News: कानपुर, संवाददाता। एलन मस्क की कंपनी बताकर युवक से निवेश के नाम पर पांच लाख की ठगी कर ली गई। ऑनलाइन फाइनेंस कंपनी का एलन मस्क को निदेशक बताने के साथ निवेश में आकर्षक रिटर्न का झांसा देकर शिकार बनाया। भारी मुनाफे के चक्कर में युवक ने तीन अलग-अलग आईडी बनाकर पैसा इंवेस्ट किया था। मुनाफे की रकम दिखने के बाद तीनों आईडी अचानक बंद होने पर तिलक नगर निवासी पीड़ित ने पुलिस आयुक्त के आदेश पर 16 महीने बाद कोहना थाने में रिपोर्ट कराई है। तिलक नगर निवासी अनुराग सिंह के मुताबिक मई-2025 को परिचित पारुल सिंह ने उनकी मुलाकात औरैया निवासी राहुल गुप्ता से कराई थी।
बातचीत के दौरान राहुल ने अमेरिका के उद्यमी एलन मस्क से जुड़ी कंपनी स्टार लिंक फाइनेंस का खुद को निदेशक बताया। फिर कंपनी नेटवर्क मार्केटिंग के जरिए निवेश पर आकर्षक रिटर्न देने की बात कहते हुए व्हाट्सएप पर संबंधित कई दस्तावेज भेज भरोसा जीता। भारी मुनाफे के चक्कर में फंसकर अनुराग ने तीन अलग-अलग आईडी बनाईं, फिर यूनियन बैंक ऑफ इंडिया स्वरूप नगर शाखा के खाते से गूगल-पे के माध्यम से कंपनी की ओर से बताए गए विभिन्न खातों में पांच लाख रुपये निवेश किए। इस दौरान निवेश में मिलने वाला रिटर्न कंपनी की ऑनलाइन आईडी पर लगातार दिखाया जाता रहा। वहीं, पिछले साल 12 अगस्त से तीनों आईडी बंद कर दी गईं। ठगी का एहसास होने पर शातिर राहुल ने फोन पर गोल-मोल जवाब देने के साथ गाली- गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। थाने में सुनवाई न होने पर पीड़ित ने पुलिस आयुक्त रघुबीर लाल से गुहार लगाई। कोहना थाना प्रभारी मनीष कुमार ने बताया कि रिपोर्ट दर्ज कर साइबर सेल की मदद से मामले की जांच की जा रही है।

