
आवास लाभार्थी महिला को झांसा देकर दस हजार की ठगी
Kanpur News - कानपुर देहात के मलखानपुर गांव में एक महिला को फर्जी सरकारी कर्मी ने श्रम कार्ड स्कैन कराने का झांसा देकर उसके खाते से 10,000 रुपये निकाल लिए। महिला ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और ठग के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
कानपुर देहात। जिले में जागरूकता के बाद भी टप्पेबाजों पर नियंत्रण नहीं हो पा रहा है। रसूलाबाद थाना क्षेत्र के मलखानपुर गांव की आवास लाभार्थी महिला को श्रम कार्ड स्कैन कराने का झांसा देकर उसके खाते से दस हजार रुपए पार कर दिए। पीड़ित महिला की शिकायत पर पुलिस ने छानबीन शुरू की है। मलखानपुर गांव के रहने वाले रवि कुमार की पत्नी सुनीता देवी के नाम से मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत आवास स्वीकृत हुआ है। दो दिन पहले सरकारी कर्मी बताने वाले एक युवक ने गांव पहुंचकर महिला को आवास की पहली किश्त खाते में आने की बात कही।
इसके साथ ही श्रम कार्ड स्कैन कराने के लिए चेहरा स्कैन कराने की बात कही। महिला के मना करने पर उसने किश्त वापस चले जाने की धमकी दी। उसकी धमकी से दबाव में आई महिला सुनीता का चेहरा स्कैन कराने के साथ ही उसने अंगूठा लगवा लिया। इसके बाद युवक मौके से निकल गया। दूसरे दिन बड़ौदा बैंक में जाकर खाता चेक कराया तो उसके खाते से दस हजार रुपये निकल चुके थे। इसपर उसको ठगी का एहसास हुआ। इसपर थाने पहुंची पीड़िता ने साइबर हेल्प डेस्क में अपनी शिकायत दर्ज कराई। इंस्पेक्टर रसूलाबाद सतीश कुमार सिंह ने बताया कि मामले में एसआई कीर्ति प्रकाश को जांच सौपी गई है। छानबीन के बाद मामले में अग्रिम कार्रवाई होगी।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




