Kanpur News: करार के बाद कानपुर से यूके को पहला निर्यात रवाना
Kanpur News: भारत-यूके व्यापक आर्थिक एवं व्यापार समझौता बुधवार को लागू हो गया। इसके तहत आईसीडी पनकी से यूके के लिए पहला निर्यात शिपमेंट रवाना किया गया।

Kanpur News: कानपुर, प्रमुख संवाददाता भारत-यूके व्यापक आर्थिक एवं व्यापार समझौता बुधवार को लागू हो गया। इसके तहत आईसीडी पनकी से यूके के लिए पहला निर्यात शिपमेंट रवाना किया गया। डीजीएफटी, एफआईईओ और कानपुर लॉजिस्टिक्स पार्क लिमिटेड (केएलपीएल) ने संयुक्त रूप से फ्लैग-ऑफ समारोह आयोजित किया। विधायक नीलिमा कटियार ने शिपमेंट को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।निर्यात परिषद के प्रमुख आलोक श्रीवास्तव ने बताया कि पहले शिपमेंट में कानपुर से करीब दो लाख डॉलर मूल्य के लेदर बेल्ट, फुटवियर, टेक्सटाइल और गारमेंट्स न्हावा शेवा (मुंबई) बंदरगाह के माध्यम से यूके भेजे गए। करार होने से भारत के लगभग 99 प्रतिशत निर्यात को ब्रिटेन में शून्य या चरणबद्ध तरीके से शुल्क-मुक्त बाजार पहुंच मिलेगी।
इससे वस्त्र, चमड़ा, फुटवियर, इंजीनियरिंग, खाद्य प्रसंस्करण, दवा और एमएसएमई क्षेत्रों को बड़ा लाभ मिलने की उम्मीद है। पहले इन उत्पादों पर ब्रिटेन में 4 से 16 प्रतिशत तक आयात शुल्क लगता था। समझौते के तहत भारतीय पेशेवरों को यूके में सामाजिक सुरक्षा अंशदान से पांच वर्ष तक छूट का भी लाभ मिलेगा।


