जूट कारखाने में लगी आग, दमकल ने पाया काबू
Kanpur News - कानपुर के हनुमंत विहार में रविवार शाम एक जूट कारखाने में आग लग गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और कारखाने के मालिक को सूचना दी। दमकल की गाड़ियों ने आधे घंटे में आग पर काबू पाया। आग शॉर्ट सर्किट के कारण लगी, लेकिन किसी जनहानि की खबर नहीं है। नुकसान लाखों में होने का अनुमान है।

कानपुर दक्षिण, संवाददाता। हनुमंत विहार के योगेंद्र विहार खाड़ेपुर स्थित जूट कारखाने में रविवार देर शाम आग लग गई। लपटें देख आसपास के लोगों ने कारखाना मालिक और यूपी 112 पर पुलिस को सूचना दी। इसके साथ ही सबमर्सिबल पंप की मदद से पानी डालकर आग को बढ़ने से रोक दिया। मौके पर पहुंची दमकल की दो गाड़ियों की मदद से आधे घंटे में आग पर काबू पाया गया। प्रयागनारायण शिवाला निवासी संजय गुप्ता ने योगेंद्र विहार खाड़ेपुर में रविप्रकाश गुप्ता का मकान किराए पर लेकर कारखाना बना रखा है, जिसमें जूट के बोरे बनाए जाते हैं। संजय के मुताबिक रविवार शाम को कारखाना बंद करके घर चले गए।
करीब एक घंटे बाद पड़ोस में रहने वाले महेंद्र सिंह ने उन्हें कारखाने में आग लगने की सूचना दी। मौके पर पहुंचे तो पड़ोस के लोग सबमर्सिबल पंप से पानी डालकर आग को बुझाने में जुटे थे। इसके बाद किदवई नगर और फजलगंज से दो दमकल गाड़ियां पहुंचीं और फिर आग को पूरी तरह से काबू किया जा सका। संजय ने आग से लाखों के नुकसान की बात कही है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी दीपक शर्मा ने बताया कि आग को काबू कर लिया गया है। आग शार्ट सर्किट के चलते लगी है। कोई जनहानि नहीं हुई है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


