
हिट एंड रन: सीटीआई में बेकाबू कार ने दिव्यांग को रौंदा, मौत
Kanpur News - - बेटे के घर न आने पिता उसे खाने के लिए बुलाने जा रहे थे
- प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, करीब 80 की रफ्तार में थी कार कानपुर, संवाददाता। गोविंदनगर में एक तेज रफ्तार कार दिव्यांग को रौंदते हुए निकल गई। हादसे में दिव्यांग की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आरोपित चालक कार लेकर रफूचक्कर हो गया। दिव्यांग तीन दिन से घर नहीं आए अपने बेटे को बुलाने जा रहा था। पुलिस ने मामले की जांच कर शव पोस्टमार्टम भिजवाया। सीटीआई धर्मेंद्र नगर निवासी 46 वर्षीय राजेश राजमिस्त्री का काम करते थे। परिवार में पत्नी दिव्या व तीन बच्चे अंकित, विवेक व महिमा हैं। बड़े बेटे अंकित ने बताया कि पिता को आठ माह पहले लकवा मार गया था, जिस कारण वह घर में ही रहते थे।

वहीं घर से कुछ दूरी पर सीटीआई के पास स्थित शराब ठेके की कैंटीन में छोटा भाई विवेक काम करता है। तीन दिन से कैंटीन में रुके विवेक को पिता घर लाने की जिद कर रहे थे। उसके न आने पर बेचैन पिता सुबह घिसटते हुए खाना खाने के लिए बुलाने जा रहे थे। तभी सीटीआई के पास तेज रफ्तार कार राजेश को रौंदते हुए निकल गई। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई। दोपहर तक घर न पहुंचने पर उनकी तलाश की तो सीटीआई चौराहे पर भीड़ लगा देख घटना की जानकारी मिली। अंकित के मुताबिक, हादसे की वजह पूछने पर प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जिस कार से हादसा हुआ, उसकी रफ्तार कम से कम 70 से 80 होगी। थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। वहीं घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालकर कार का पता लगाया जा रहा है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




