पाकीजगी से अदा की गई नमाज, अमन के लिए दुआएं
कानपुर। ईद उल अजहा (बकरीद) गुरुवार को पवित्रता और खुशी के माहौल में मनाई गई। ईदगाहों और मस्जिदों में नमाज अदा की गई। मुल्क और दुनिया में अमन के लिए दुआ की गई। सभी ने एक-दूसरे को मुबारकबाद दी और पर्यावरण की सुरक्षा के लिए पेड़ लगाने की अपील की।

कानपुर। ईद उल अजहा (बकरीद) गुरुवार को पाकीजगी (पवित्रता) और संजीदगी के साथ खुशी भरे माहौल में मनाई गई। सभी ईदगाहों और मस्जिदों में हिफाजती बंदोबस्त के बीच बकरीद की नमाज सुकून के साथ अदा की गई। नमाज बाद एक दूसरे से गले मिले और हाथ मिलाकर मुबारकबाद दी। दो ईदगाहों में ख्वातीन (महिलाएं) ने भी नमाज अदा की। मुल्क के साथ पूरी दुनिया में अमन, मजलूमों के हक और बारिश के लिए दुआ की गई। बड़ी ईदगाह बेनाझाबर में ईद उल अजहा के मौके पर सुकून भरे माहौल में नमाज अदा की गई। यहां हाफिज व कारी सुब्हान इलाही ने नमाज अदा कराई। सुबह साढ़े सात बजे ही एक लाख से ज्यादा नमाजियों ने यहां नमाज अदा की। यहां अमन और हज के कुबूल करने की दुआएं की गईं। इमाम ने कहा कि खुले में कुर्बानी न करें। कुर्बानी को लेकर दिखावा न करें। हम वतन साथियों के जज्बात का ख्याल रखें। सोशल मीडिया पर तस्वीरें साझा न करें। सफाई का खास ख्याल रखें।
ईदगाह गद्दियाना में नमाज
ईदगाह गद्दियाना के इमाम मौलाना मोहम्मद हाशिम अशरफी ने ईद उल अजहा की नमाज अदा कराई और आलमे इस्लाम के लिए खुसूसी दुआ फरमाई। मुल्क में अमन और खुशहाली के लिए दुआ की। इससे पहले उन्होंने खिताब में कहा कि हमें अपने अच्छे अखलाक़ को पेश करना चाहिए। भाईचारा जरूरी है। इस गर्मी में अल्लाह की सारी मखलूक (परिंदों और जानवरों) का भी खास ख्याल रखें। सबीलें लगाएं और पानी की बचत करें। इल्म हासिल करें ताकि समाज और देश की तरक्की में भागीदार बन सकें। हर इंसान से गुज़ारिश की अपनी जिंदगी में कम से कम एक पेड़ ज़रूर लगाएं।
मसलक अहले हदीस की नमाज
मसलक अहले हदीस से जुड़ी ईदगाह हाजी मास्टर अब्दुल करीम फेथफुलगंज में कारी अब्दुस्समी नदवी और ईदगाह सुजातगंज चंदारी में मौलाना रजा उल्लाह सल्फी ने ईद उल अजहा की नमाज अदा कराई। यहां ख्वातीन (महिलाएं) ने मर्दों के साथ अलग पर्दे में नमाज अदा की। सुजातगंज में भी महिलाओं ने नमाज अदा की। ईदगाह के अंदर ही एक स्थान मुकर्रर कर दिया जाता है जहां महिलाएं इमाम के पीछे नमाज अदा करती हैं। तड़के नमाज का वक्त रखे जाने के बाद भी यहां ख्वातीन की तादाद काफी थी। नमाज के बाद मुल्क में अमन, इंसाफ, तरक्की और मजलूमों के हक में दुआ की गई। हज को लेकर भी दुआएं की गईं।
ईदगाह चांदमारी में नमाज
ईदगाह चांदमारी कैंट ओमपुरवा सय्यद बाबा मजार के पीछे नमाज अदा की गई। यहां मुफ्ती साकिब अदीब मिस्बाही ने ईद उल अजहा की नमाज अदा कराई। मुल्क में अमन और खुशहाली की दुआएं की गईं। यहां नायब इमाम ईदगाह कारी सगीर आलम हबीबी, मौलाना अली शेर खान, हाफिज जमील आदि मौजूद रहे।
मसवानपुर ईदगाह में नमाज
मसवानपुर ईदगाह में मौलाना मुश्ताक मुशाहिदी ने नमाज अदा कराई। दुआ में इमाम ने लोगों को बुरे कामों से बचने, ईमान और इस्लाम पर चलने की दुआ की। यहां डीसीपी कासिम आब्दी समेत अन्य अधिकारी सुरक्षा में मौजूद रहे। ड्रोन कैमरों से निगरानी की गई। यहां सैय्यद शकील अहमद, डॉ. निसार अहमद, नफीस, कमल हसन, बाबू अली अंसारी, अब्दुल कलीम राजू, सैय्यद नवाब अली, विनय गुप्ता आदि ने कैंपों में रहकर एक दूसरे को मुबारकबाद दी। बगाही ईदगाह बाबूपुरवा में कारी सैय्यद फैजान बरकाती ने बकरीद की नमाज अदा कराई। बगाही में एक ही बार नमाज अदा की गई। यहां मुल्क में अमन, इत्तेहाद और इत्तेफाक के लिए दुआ की गई।अकील शानू ने नमाजियों को गुलाब का फूल देकर मुबारकबाद दी। यहां भी सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।
शहर काजी की नमाज
शहर काजी मुफ़्ती डॉ. मोहम्मद यूनुस रजा ओवैसी ने मस्जिद हबीब नाज़, प्रेम नगर में ईद-उल-अज़हा की नमाज़ अदा कराई। कहा, ईद का असली पैग़ाम दिलों को जोड़ना और नफ़रतों को ख़त्म करना है। नमाज के बाद मुल्क व मिल्लत की सलामती, अमन व अमान और इत्तेहादे उम्मत के लिए खुसूसी दुआ की गई।
शिया हजरात की नमाज
शिया हजरात ने ईद उल अजहा की नमाज अदा की। 15 से अधिक मस्जिदों में नमाज अदा की गई। मौलाना अलमदार हुसैन ने मजलूमों के हक में दुआ की। ईद उल अज़हा के मौके पर मौलाना शाहिद इमाम बाकरी पेश इमाम मस्जिद सूटर गंज ने कहा कि नरम लहजा और अच्छा अख़लाक़ ज़रूरी है। इत्तेहाद का मतलब यह है कि इंसान अपने अख़लाक़ और किरदार से लोगों को अपने क़रीब करे, नफ़रत न फैलाएं। ईद-उल-अज़्हा का असली फ़लसफ़ा अपनी ख़्वाहिशों और नफ़्स को अल्लाह की रज़ा के आगे कुर्बान करना है।
जिला प्रशासन का कैंप
बड़ी ईदगाह के बाहर जिला प्रशासन का कैंप लगा जहां जिलाधिकारी और पुलिस कमिश्नर ने ईद की मुबारकबाद देते हुए कहा कि शहर में आपसी भाईचारे, मेल-मिलाप और गंगा-जमुनी तहजीब की परंपरा के साथ त्योहार सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाया गया। पुलिस कमिश्नर ने बच्चों को मिठाई खिलाई। ईदगाह के इमाम ने पुलिस कमिश्नर और जिलाधिकारी को मुबारकबाद दी। ईदगाह के बाहर कई राजनीतिक दलों ने कैंप लगाए। यहां विधायक अमिताभ बाजपेई, पूर्व विधायक इरफान सोलंकी और सपा के पदाधिकारी मौजूद थे। कांग्रेस के सभी पदाधिकारी भी यहां मौजूद रहे।


