
एक मामले में दो थानों में केस पर जांच शुरू
Kanpur News - - महाराजपुर और नर्वल थाने में दर्ज हुई दो एफआईआर - एसीपी ने लिए
सरसौल। एक घटना की महाराजपुर और नर्वल थाने में रिपोर्ट दर्ज कर लेने के मामले में विभागीय जांच शुरू हो गई है। जिसके चलते कमिश्नरेट कार्यालय में तैनात एसीपी ने दोनों थानों के प्रभारियों और विवेचकों के बयान दर्ज किए। महाराजपुर के बौसर निवासी जयवीर सिंह के साथ बीती 24 नवंबर की सुबह 11 बजे मारपीट हुई थी। जयवीर ने महाराजपुर थाने में श्रीकिशन, बेटे रिषभ, बेटी अंजुला व नीलम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। इसी बीच 15 दिन बाद 9 दिसंबर को दूसरे पक्ष से अंजुला की तहरीर पर नर्वल पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। अंजुला ने भी मारपीट की घटना का दिन 24 नवंबर और समय 11 बजे लिखाया था।
इस मुकदमे में जयवीर सिंह, शिवम, विकास व राजू को आरोपी बनाया गया था। एक घटना पर अलग-अलग थानों में मुकदमा दर्ज करने को लेकर सवाल खड़े हो रहे थे। जिसके बाद मामले में विभागीय जांच शुरू हुई। कमिश्नरेट कार्यालय के एसीपी मनोज कुमार सिंह ने महाराजपुर थाना प्रभारी राजेश कुमार और नर्वल थाना प्रभारी अखिलेश कुमार पाल समेत दोनों मुकदमों के विवेचकों के बयान दर्ज किए। वहीं इस मामले की शिकायत करने वाले बौसर निवासी शिवम सिंह को कार्यालय में बयान दर्ज कराने के लिए सम्मन जारी किया गया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




