पांच रुपये का ऑनलाइन भुगतान मांगा, खाते से 11.44 लाख पार
Kanpur News - कानपुर में एक व्यक्ति ने डॉक्टर का नंबर खोजने के लिए गूगल पर सर्च किया। साइबर ठग ने उसे पांच रुपये का टोकन देने के लिए कहा और ऑनलाइन भुगतान करने के बाद उसके दो बैंक खातों से 11.44 लाख रुपये निकाल लिए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की है।

कानपुर, संवाददाता। डॉक्टर को दिखाने के लिए गूगल सर्च इंजन पर नंबर खोजना एक व्यक्ति को महंगा पड़ गया। गूगल से मिले नंबर पर कॉल करने पर साइबर ठग ने पांच रुपये का टोकन लेकर नंबर लगाने की सलाह दी। पीड़ित ने पांच रुपये ऑनलाइन भुगतान कर दिया। साइबर ठग ने पीड़ित के दो बैंक खातों से 11.44 लाख रुपये पार कर दिए। घटना के बाद पीड़ित 12 माह तक मुकदमा दर्ज कराने के लिए भटकता रहा। पुलिस के आलाधिकारियों से शिकायत के बाद नजीराबाद पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया। कौशलपुरी निवासी विष्णु मोहन ठक्कर ने बताया कि बीते साल अस्वस्थ होने के कारण 16 मार्च 2025 को उन्होंने सनातन धर्म चिकित्सालय में कॉल की।
कॉल रिसीव नहीं होने पर उन्होंने गूगल सर्च इंजन पर चिकित्सालय सर्च किया। उससे मिले मोबाइल नंबर पर संपर्क कर डॉक्टर के बारे में पूछा, तो उन्हें दूसरे दिन डॉक्टर के मिलने की जानकारी दी गई। इस बीच उन्हें सलाह दी गई कि अगर अभी पांच रुपये टोकन का देकर नंबर लेते हैं तो आपका नंबर लग जाएगा और आपको लाइन में नहीं लगना पड़ेगा। जिससे आप भीड़ से बच जाएंगे। उन्हें पांच रुपये का भुगतान ऑनलाइन करने के लिए बोला गया। उन्होंने एटीएम कार्ड के जरिए पांच रुपये ट्रांसफर कर दिए। जिसके कुछ देर बाद उनके दो बैंक खातों से 11.44 लाख रुपये निकल गए। नजीराबाद थाना प्रभारी पवन कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


