
संकर्षण में दिखा कैदियों के तैयार उत्पाद का आकर्षण
Kanpur News - -सीएसजेएमयू में हुआ सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन, विभिन्न स्टॉल में लगे हैंडीक्राफ्ट उत्पाद
छत्रपति शाहू जी महाराज विश्वविद्यालय (सीएसजेएमयू) के स्कूल ऑफ बिजनेस मैनेजमेंट में सांस्कृतिक कार्यक्रम ‘संकर्षण का आयोजन हुआ। इसका शुभारंभ हैवेल्स इंडिया लि. के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट बीएम मेहरोत्रा और विशिष्ट अतिथि वरिष्ठ आयुर्वेदाचार्य डॉ. वंदना पाठक ने किया। कार्यक्रम में लगी प्रदर्शनी में जेल के कैदियों के तैयार उत्पाद आकर्षण का केंद्र रहे। स्कूल के निदेशक प्रो. सुधांशु पाण्डिया ने कहाकि विभाग की ओर से साल में दो बार इस प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है। जिससे छात्र-छात्राओं को मंच और अवसर मिल सके। कार्यक्रम में कलाकृति, रियलिस्टिक एवं रिदम रंबल जैसी रोचक प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ।

इसमें 10 टीमों सहित करीब 100 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। कार्यक्रम का संयोजन डॉ. वारसी सिंह ने किया। उन्होंने बताया कि ‘संकर्षण में 300 से अधिक प्रतिभागियों के भाग लेने की संभावना है। कार्यक्रम में 15 स्टॉल्स भी लगाए गए, जिसमें हैंडीक्राफ्ट और अन्य उत्पादों का प्रदर्शन किया गया। एएनजे लेबल्स स्टार्टअप ने भी अपने उत्पादों का प्रदर्शन किया। ये उत्पाद जेल में बंद कैदियों ने बनाए हैं। इसमें सजावटी दीये, सजावटी सामग्री के अलावा जूट से तैयार झोले शामिल रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन डॉ. सुदेश श्रीवास्तव, डॉ. विवेक सिंह सचान, डॉ. सिधांशु राय की देखरेख में हुआ।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




