भविष्य की जरूरतों के हिसाब से छात्र-छात्राओं को तैयार कर रहा विश्वविद्यालय
Kanpur News - कानपुर देहात के सरला द्विवेदी डिग्री कॉलेज में सीएसजेएम यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. विनय पाठक ने मूट कोर्ट और लाइब्रेरी का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय ने छात्रों को भविष्य की आवश्यकताओं के लिए तैयार करने के लिए कई परिवर्तन किए हैं और एआई व साइबर जैसे कोर्स से छात्रों को जागरूक किया जा रहा है।

कानपुर देहात। अकबरपुर के सरला द्विवेदी डिग्री कॉलेज में शुक्रवार सुबह पहुंचे सीएसजेएम यूनिवर्सिटी के कुलपति प्रो. विनय पाठक ने कॉलेज के ला विंग में तैयार मूट कोर्ट और लाइब्रेरी का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय ने व्यवस्थाओं में बड़े परिवर्तन किए हैं। भविष्य की आवश्यकताओं के अनुसार छात्र-छात्राओं को तैयार किया जा रहा है। सरला द्विवेदी डिग्री कॉलेज पहुंचने पर यहां के निदेशक डा. विवेक द्विवेदी, प्रबंधक अनिल शुक्ल, ईशानी द्विवेदी आदि ने उनका बुके देकर स्वागत किया। कॉलेज में लॉ छात्रों के लिए बने मूट कोर्ट के अलावा उन्होंने कॉलेज की लाइब्रेरी व वाचनालय का निरीक्षण किया।
इसके बाद मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि एआई और साइबर जैसे कोर्स से छात्र-छात्राएं अवेयर हो रहे हैं। इससे भविष्य में उन्हें कोई समस्या नहीं होगी। समाज के लिये भी यह बेहद आवश्यक है। सीएसजेएम पहला विश्वविद्यालय है जो कॉलेजों में प्लेसमेंट मेले आयोजित कर रहा है और छात्र-छात्राओं को सेवायोजन दे रहा है। ग्रामीण क्षेत्र में बिना संसाधन व शिक्षक आदि के चल रहे डिग्री कॉलेजों के सवाल पर कहा कि उनके स्तर से समय-समय पर जांच कराई जा रही है, लेकिन यह एक सामाजिक समस्या है। इसको लेकर हर वर्ग को जागरूक करना चाहिए ताकि छात्र-छात्राएं इस बात से वाकिफ रहें कि उन्हें कहां एडमिशन लेना चाहिये। उन्होंने अपने पांच साल के कार्यकाल की उपलब्धियां बताते हुए कहाकि अब किसी काम के लिए शिक्षकों और विद्यार्थियों को विश्वविद्यालय के चक्कर नहीं काटने पड़ते हैं। हमने 400 प्रोफेसरों को उनकी पदोन्नति भी प्रदान की है। इस दौरान यहां शिक्षाविद डा. नरेन्द्र द्विवेदी, डा. उमेश तिवारी, देश दीपक द्विवेदी आदि मौजूद रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


