
शासन से स्वीकृत ट्रांसगंगा पुल निर्माण को ईएफसी मंजूरी का इंतजार
संक्षेप: Kanpur News - जयपुरिया पुल से आवागमन शुरू हो गया है लेकिन ट्रांसगंगा सिटी से वीआईपी रोड को जोड़ने वाला 799 करोड़ रुपये का फोर लेन पुल का काम अभी तक शुरू नहीं हुआ है। यूपीसीडा की मंजूरी के बाद भी ईएफसी से स्वीकृति नहीं मिली है। पुल की डिजाइन में बदलाव किया गया है और इसे वाई आकार में बनाया जाएगा।
जयपुरिया पुल से तो आवागमन चालू हो गया है पर ट्रांसगंगा सिटी से वीआईपी रोड को जोड़ने के लिए गंगा नदी पर 799 करोड़ से प्रस्तावित फोर लेन पुल का काम अभी शुरू नहीं हो सका। सेतु निगम के वरिष्ठ अफसरों के मुताबिक यूपीसीडा बोर्ड और कैबिनेट से स्वीकृति के बाद भी वित्त विभाग से व्यय वित्त समिति (ईएफसी) की मंजूरी नहीं मिली है। इस पुल को शासन से दिसंबर 2024 में मंजूरी मिल चुकी है। जरीब चौकी और शुक्लागंज गंगा पुल मार्च 2025 में स्वीकृत हुए और 555 करोड़ रुपये से दोनों परियोजनाओं पर काम भी शुरू करा दिया गया है।

मृदा परीक्षण का काम हो रहा है। 538 से 799 करोड़ तक पहुंच गया बजट ट्रांसगंगा सिटी को जोड़ने के लिए यूपीसीडा के प्रस्ताव पर बनने वाले पुल को लेकर शुरू से ही अड़ंगे लगते रहे और बाद में इस्टीमेट पर भी सवाल उठे। एक वर्ष पहले इसे कानपुर में सरसैयाघाट से ट्रांसगंगा सिटी को जोड़ने के लिए पुल बनना था। इसके लिए 538 करोड़ रुपये का इस्टीमेट तैयार हुआ था। यहां पर प्रशासन ने जाम लगने की आशंका व्यक्त करते हुए टेफ्को के पास से बनाने का खाका खींचा लेकिन दिसंबर 2024 में अंतिम मुहर रानीघाट और धोबीघाट से दो दो लेन का पुल ट्रांसगंगा सिटी तक बनाने पर लगी। इसमें शुरुआती दौर पर 652 करोड़, फिर हाई लेवल कमेटी में 726 करोड़ और अब 799 करोड़ रुपये का बजट स्वीकृत किया गया है। लखनऊ की सेतु निगम टीम को दिया गया जिम्मा ट्रांसगंगा सिटी को कानपुर शहर से जोड़ने के लिए यूपीसीडा ही इस पुल को बनवा रहा है। इस पुल को बनवाने का बीड़ा यूपी राज्य सेतु निगम की लखनऊ टीम को दिया है लेकिन लखनऊ से नियमित निगरानी न होने की वजह से भी दिक्कतें होती हैं। इस परियोजना के तमाम काम जो अब तक पूरे हो जाने चाहिए थे, वह नहीं हो सके। शासन की कैबिनेट मंजूरी के बाद भी ईएफसी से मंजूरी मिलने में समय लग रहा है। शुक्लागंज गंगापुल और जरीब चौकी फ्लाईओवर को सेतु निगम की कानपुर की टीम बनवा रही है। गंगापुल केकेआर गावर और जरीब चौकी पुल को हिलवेज कंस्ट्रक्शन बनवा रहा है। वाई आकार का बनेगा पुल, शहर में दो तरफ उतरेगा ट्रांसगंगा सिटी से वीआईपी रोड पर गंगा किनारे फोर लेन पुल को बनाने के लिए डिजाइन भी कई बार बदली गई है, लेकिन शासन ने वाई आकार पुल को मंजूरी दी है। सेतु निगम के अफसरों और यूपीसीडा ने भी इसी पर अंतिम मुहर लगाई है। इसके तहत ट्रांसगंगा पुल की लंबाई साढ़े चार किमी होगी। ट्रांसगंगा पुल की तरफ से एक साथ दोनों लेन जुड़ी रहेंगी लेकिन बीच में दो-दो लेन के पुल एक रानीघाट और दूसरा धोबीघाट की तरफ जाकर वाई आकार के बनाए जाएंगे। दोनों लेन साढ़े आठ-साढ़े आठ मीटर चौड़े होंगे। पुल के किनारे डेढ़ मीटर का फुटपाथ दिया जाएगा। रानीघाट की तरफ से वाहन उन्नाव की तरफ जाएंगे और उन्नाव की तरफ से धोबीघाट की तरफ पुल उतरेगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




