
खिली धूप से मिली राहत पर रात में बर्फीली हवाएं बनीं आफत
Kanpur News - खिली धूप से मिली राहत पर रात में बर्फीली हवाएं बनीं आफत खिली धूप से मिली राहत पर रात में बर्फीली हवाएं बनीं आफत
कानपुर। खिली धूप से कनपुरियों को थोड़ी राहत मिली लेकिन रात की बर्फीली हवाओं ने सभी को कंपा दिया। खासकर रात में बेहद ठिठुरन भरी सर्दी रही। दिन में भी धूप से हटते ही लोग कांपने लगे। दिन के तापमान में अप्रत्याशित रूप से 6.1 डिग्री की वृद्धि दर्ज की गई, जबकि रात का पारा गिर गया। मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 से 48 घंटों के बाद फिर बदलाव दिखेगा। कोहरे का यलो अलर्ट बना रहेगा। जेट स्ट्रीम की गति 296 किमी प्रति घंटा पहुंच गई है। पश्चिमी विक्षोभ का सीमित असर पश्चिमी यूपी तक रहा। इसका अधिक प्रभाव पूर्वी यूपी में नहीं आया।
आसमान साफ होने का असर यह रहा कि तेज धूप खिली। धूप की तीव्रता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि शुक्रवार को अधिकतम तापमान 17.5 डिग्री था लेकिन शनिवार को यह 23.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। यह सामान्य से 3.2 डिग्री अधिक है। रात में चकेरी एयरपोर्ट पर कोहरे की दृश्यता शून्य रिकॉर्ड की गई। तेज धूप के बाद भी दिन में सर्दी का अहसास कम नहीं हुआ। धूप से हटते ही लोगों को ठिठुरन भरी सर्दी का अहसास होने लगा। जब-जब बर्फीली हवाएं तेज हुईं तो लोगों को धूप से अलग होकर सुरक्षित स्थानों पर रहना पड़ा। जनवरी का पहला दिन था जब इतनी तेज धूप खिली। पहली जनवरी को भी तेज धूप खिली थी तब अधिकतम पारा 19.9 डिग्री रहा था। जनवरी में आमतौर पर अधिकतम तापमान 20 डिग्री या इससे नीचे रहते हैं। सीजन में ऐसा पहली बार हुआ जब पारा 20 को पार कर गया। दिन के विपरीत आसमान साफ रहने से रात का पारा गिर गया। शनिवार को न्यूनतम पारा 5.6 डिग्री से गिरकर 4.6 डिग्री सेल्सियस आ गया। यह सामान्य से 4.3 डिग्री कम है। रात में भी तेज बर्फीली हवाएं चलीं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वी उत्तर प्रदेश के कुछ जिले बेहद सर्द रहे। पूर्वी उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले की रात सर्वाधिक सर्द रही। यहां न्यूनतम पारा 3.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। अयोध्या का पारा 4.0 और फुर्सतगंज 4.2 डिग्री सेल्सियस रहा। कानपुर नगर और बरेली में रात का पारा 4.6 डिग्री सेल्सियस रहा। प्रदेश का चौथा शहर कानपुर रहा। मेरठ, बुलंदशहर, अलीगढ़, आगरा, हरदोई, बहराइच, सुल्तानपुर और चुर्क जिलों की रात भी बेहद सर्द रही। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग की मानें तो 16 जनवरी तक उत्तर प्रदेश में घने कोहरे का यलो अलर्ट बना रहेगा। तेज रफ्तार बर्फीली हवाएं जारी रहेंगी। शनिवार को जेट स्ट्रीम की गति 160 नॉट यानी 296 किमी प्रति घंटा से अधिक हो गई है। ऐसे में तमाम बदलाव के बावजूद शीतलहर का प्रकोप बना रहेगा। बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव का क्षेत्र धीरे-धीरे उत्तर पश्चिम और उत्तर पूर्वी हिस्से में भी पहुंचेगा। इसके बाद मौसम में फिर बदलाव की संभावना है। उत्तर पश्चिमी पाकिस्तान में एक नया विक्षोभ आ गया है जो लगातार आगे बढ़ रहा है। इसके भी 24 से 48 धंटे के बाद पहाड़ों पर प्रभावी होने की संभावना है। फिर मैदानी इलाकों पर भी असर करेगा। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में आगे पूर्वी यूपी से ज्यादा सर्दी हो सकती है। कानपुर में रात का पारा नवंबर से अब तक बेहद कम रहा है। पहली नवंबर से 10 जनवरी तक 71 दिवस, 52 दिन पारा 10 डिग्री से से कम रहा है। एक नवंबर से अब तक केवल 22 दिवसों में दिन का पारा 20 से कम रहा है। शहर में इस बार रात-दिन के तापमान नवंबर से ही काफी कम रहे हैं। लगातार तीसरे माह सर्दी का प्रकोप बना हुआ है। चंद्रशेखर आजाद कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय (सीएसए) के तकनीकी मौसम अधिकारी अजय मिश्रा का कहना है कि सुबह और शाम घना कोहरा रहेगा। तेज बर्फीली हवाएं चलती रहेंगी। सर्दी से कोई राहत नहीं मिलेगी। आसमान साफ होने से धूप खिल सकती है। अगले 48 घंटों के बाद फिर से बदलाव दिखेगा।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




